Site icon Dainik Savera Times

करनाल में ₹1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते वन विभाग का फॉरेस्टर चंदवीर रंगे हाथों गिरफ्तार

करनाल : हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात्रि वन विभाग के अधिकारी चंदवीर को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत एफआईआर नंबर 04 दिनांक 10 अप्रैल 2026 दर्ज कर आरोपी को देर रात्रि गिरफ्तार कर लिया गया है।

साथ ही, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत आवश्यक कार्रवाई भी अमल में लाई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सरताज सिंह ने एसीबी को शिकायत दी थी कि वन विभाग में तैनात फॉरेस्टर चंदवीर, निवासी गांव जुलानी खेड़ी, जिला कैथल, उनसे अवैध रूप से 1,50,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है। आरोपी द्वारा यह राशि शिकायतकर्ता के खिलाफ वन भूमि से संबंधित मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई न करने और अधिकतम जुर्माना न लगाने के एवज में मांगी जा रही थी।

शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी करनाल की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। निरीक्षक सुल्तान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने देर रात्रि आरोपी को 1,50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर ही पूरी राशि बरामद कर ली गई। आज आरोपी वन विभाग के अधिकारी चंदवीर को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version