Last Updated: September 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP के पूर्व मंत्री ने 20 साल छोटी कांग्रेस नेत्री से रचाई शादी, मचा बवाल

December 23, 2025

BJP के पूर्व मंत्री ने 20 साल छोटी कांग्रेस नेत्री से रचाई शादी, मचा बवाल

Deepak Joshi and Pallavi Raj Saxena Marriage : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के बेटे और पूर्व मंत्री दीपक जोशी एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी शादी है। बताया जा रहा है कि दीपक जोशी ने अपने से करीब 20 साल छोटी कांग्रेस नेत्री पल्लवी राज से विवाह किया है। यह शादी 4 दिसंबर को भोपाल स्थित आर्य समाज मंदिर में हुई थी, लेकिन इसकी तस्वीरें 20 दिसंबर को सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

आर्य समाज मंदिर में हुई सादगी भरी शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दीपक जोशी और पल्लवी राज ने 4 दिसंबर को भोपाल के एक आर्य समाज मंदिर में सादे तरीके से शादी की। इस दौरान केवल कुछ करीबी लोग मौजूद थे।शादी की तस्वीरों में दीपक जोशी और पल्लवी राज को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ फेरे लेते और मंगलसूत्र पहनाते हुए देखा जा सकता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
शादी के बाद सबसे पहले पल्लवी राज ने इन तस्वीरों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था। हालांकि बाद में उन्होंने इन तस्वीरों को डिलीट कर दिया। इसके बाद कांग्रेस नेता बृजेंद्र शुक्ला ने इन तस्वीरों को फेसबुक पर शेयर करते हुए दीपक जोशी को बधाई दी। यहीं से यह मामला सार्वजनिक हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।

सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा
तस्वीरें सामने आते ही यह शादी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई। सोशल मीडिया पर लोग इस शादी को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग दीपक जोशी को ट्रोल भी कर रहे हैं। हालांकि, दीपक जोशी की ओर से अब तक इस शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान या सार्वजनिक पुष्टि नहीं की गई है।

पहले भी सामने आ चुके हैं विवाद
यह पहला मौका नहीं है जब दीपक जोशी की शादी को लेकर सवाल उठे हों। इससे पहले दो अन्य महिलाएं भी खुद को उनकी पत्नी बता चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह दीपक जोशी की चौथी शादी बताई जा रही है। हालांकि उनकी कुल कितनी शादियां हुई हैं, इस पर उन्होंने चुप्पी साध रखी है।

पल्लवी राज ने मानी शादी की बात
कांग्रेस नेत्री पल्लवी राज सक्सेना ने खुद स्वीकार किया है कि उनकी शादी 4 दिसंबर को आर्य समाज मंदिर में दीपक जोशी से हुई थी। उन्होंने कहा कि यह शादी पूरी तरह से वैध और रीति-रिवाजों के अनुसार हुई है।

शिखा जोशी का दावा: मैं कानूनी पत्नी हूं
इस मामले में एक और मोड़ तब आया जब शिखा जोशी नाम की महिला ने दावा किया कि उनकी शादी दीपक जोशी से साल 2016 में हुई थी और वे उनकी कानूनी पत्नी हैं। शिखा जोशी ने यह भी कहा कि जब उन्होंने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं, तब पल्लवी राज ने उन्हें बधाई दी थी। ऐसे में सवाल उठता है कि इसके बावजूद यह शादी कैसे की गई।

मामला अभी भी बना हुआ है उलझा
फिलहाल दीपक जोशी की इस शादी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तरफ पल्लवी राज शादी की पुष्टि कर रही हैं, तो दूसरी ओर शिखा जोशी खुद को कानूनी पत्नी बता रही हैं।जब तक दीपक जोशी खुद सामने आकर स्थिति साफ नहीं करते, तब तक यह मामला राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बना रहेगा।

ये भी पढ़ेंः दर्दनाक हादसाः Navy का प्लेन हुआ क्रैश, 5 की मौत, कई लापता

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें