Site icon Dainik Savera Times

पूर्व भाजपा विधायक संचिता मोहंती का 67 साल की उम्र में निधन, लोगों ने जताया दुख

Sanchita Mohanty passes away

Sanchita Mohanty passes away

भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक संचिता मोहंती का शुक्रवार को यहां उनके आवास पर निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि वह कुछ दिनों से बीमार थीं। जानकारी के मुताबिक, 67 वर्षीय मोहंती वर्ष 2004 में कोरेई विधानसभा क्षेत्र से ओडिशा विधानसभा के लिए निर्वाचित हुई थीं। एक सप्ताह पहले ही पता चला कि वह कैंसर से पीड़ित थीं।

मोहंती के बेटे सत्यकाम मोहंती ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह अपने पोते के जन्मदिन समारोह में शामिल हुई थीं और शुक्रवार सुबह करीब सात बजकर 40 मिनट पर अचानक गिर पड़ीं। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी, नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक समेत कई मंत्री और विधायकों ने मोहंती के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मोहंती के आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जाजपुर जिले में पार्टी को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कोरेई की पूर्व विधायक और प्रतिष्ठित नेता संचिता मोहंती के निधन का समाचार पाकर मुझे गहरा दुख हुआ है। जनसेवा और लोगों के उत्थान के लिए उनके कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। मैं उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’ संचिता के पति पूर्व नौकरशाह, गोपीनाथ मोहंती का 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान निधन हो गया था। मोहंती को जाजपुर जिले में पार्टी की प्रमुख नेताओं में से एक माना जाता था और शुरुआती वर्षों में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

ये भी पढ़ेंः भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पॉलिसी में किया बड़ा बदलाव, Instagram पर Post या Like नहीं कर सकेंगे सैनिक

Exit mobile version