Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, रांची अभिनंदन समारोह में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सदस्यता ग्रहण करवाई

August 30, 2024

भाजपा में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, रांची अभिनंदन समारोह में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सदस्यता ग्रहण करवाई

रांची: केन्द्रीय कृषि व किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री तथा झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को रांची में अभिनंदन समारोह में सहभागिता की और पूर्व मुख्यमंत्री व जेएमएम के वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन को पार्टी का गमछा पहनाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई। अभिनंदन समारोह में चुनाव सह-प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, प्रदेशाध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान चौहान ने कहा कि, झारखंड की जनता की सेवा में दिन-रात जुटे रहने वाले, जिन्होंने आदिवासियों के कल्याण के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, झारखंड के वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन जी का भारतीय जनता पार्टी परिवार में हार्दिक स्वागत करता हूं। चौहान ने कहा कि, मुख्यमंत्री रहते हुए चंपाई जी ने जनता की ईमानदारी से सेवा की, लेकिन उन्हें पद से हदा दिया गया। चौहान ने चंपाई सोरेन के लिए कहा कि, चंपाई जी टाईगर है और टाईगर अभी जिंदा है।

JMM ने चंपाई सोरेन का अपमान किया

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, झारखंड मुक्ति मोर्चा और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के आदिवासियों, मूलवासियों, दलितों, पिछड़ों और आम लोगों के मुद्दों को लेकर संघर्ष करने वाले वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन जी का अपमान किया है। जिसने झारखंड मुक्ति मोर्चा को सींचा है उन्हीं को अपमानित किया गया।

चंपाई सोरेन जी ने तो झारखंड के विकास के लिए जनता का पैसा खाने वाले भ्रष्टाचारियों को रोकने का काम किया, लेकिन वह उनकी आंख काटा बन गए और उन्हें अपमानित कर मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया। उन्हें नियुक्ति पत्र तक बांटने से रोक दिया गया, बैठक की सूचना तक नहीं दी गई। अब झारखंड मुक्ति मोर्चा सबकी पार्टी नहीं रही केवल पति-पत्नी की पार्टी बनकर रह गई है।

नूर की एक किरण जुल्मात पर भारी होगी, रात तुम्हारी है, सुबह हमारी होगी।

केन्द्रीय मंत्री और झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठिए आ रहे हैं और बेटियों से शादी कर जमीन हड़प रहे हैं। झारखंड की अस्मिता से खिलवाड़ किया जा रहा है। इसलिए चंपाई सोरेन जी और भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि, झारखंड में न तो जनता का अपमान होने देंगे और न माँ, बहन और बेटी के सम्मान के साथ समझोता होने देंगे। चौहान ने कहा कि, मैं गठबंधन और झारखंड के मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूँ कि, अब पानी सिर के ऊपर से बहने लगा है, जनता परेशान है और इसलिए झारखंड की जनता ने इस बेईमान सरकार को उखाड़ फैंकने का मन बना लिया है। हम चंपाई जी के साथ चलेंगे और गठबंधन की सरकार को उखाड़ फैंकेंगे और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनायेंगे। चौहान ने कहा कि, नूर की एक किरण जुल्मात पर भारी होगी, रात तुम्हारी है, सुबह हमारी होगी।

साढ़े 4 साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया

केन्द्रीय कृषि मंत्री  शिवराज सिंह चौहान जी ने कहा कि, विधानसभा चुनाव के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जनता से कई वादे किए थे, लेकिन साढ़े चार सालों में सरकार ने जनता से किया अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। 5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का वादा किया था लेकिन नौकरी नहीं मिली। महिलाओं को आधार कार्ड पर 50 हजार का लोन देने का वादा था, नहीं मिला। विधवा माताओं-बहनों को वित्तिय सहायता देने का वादा था, नहीं मिली। नवविवाहित महिलाओं को सोने का सिक्का, नहीं मिला। गरीब परिवारों को सालाना 72 हजार, नहीं मिला। सरकारी नौकरी मिलने तक 5 हजार और 7 हजार बोरोजगारी भत्ता देने का वादा था, नहीं मिला। गरीब महिलाओं को 2 हजार रूपए चूल्हा-चौका भत्ता, नहीं मिला। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर, नर्स और दवाईयां, नहीं मिला। किसानों के लिए हर पंचायत में कोल्ड स्टोरेज, नहीं मिला। पलामू, चाईबासा और हजारीबाग उप-राजधानी नहीं बनी। श्री चौहान ने कहा कि, अब फिर से चुनाव आ रहे हैं तो जेएमएम जनता से झूठे वादे कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें