Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

नहीं रहे कांग्रेस के ये वरिष्ठ नेता, 78 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

January 2, 2026

नहीं रहे कांग्रेस के ये वरिष्ठ नेता, 78 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अक्षय कुमार आचार्य का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा हैं। वह लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें नीलगिरी स्थित उप-मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बालासोर जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, बालासोर ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

अक्षय कुमार आचार्य के निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक तथा ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि पूर्व विधायक अक्षय आचार्य के निधन की खबर से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई और भगवान जगन्नाथ से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

अक्षय कुमार आचार्य एक अनुभवी और लोकप्रिय नेता थे। वह वर्ष 1980 और 1995 में कांग्रेस के टिकट पर नीलगिरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर ओडिशा विधानसभा पहुंचे थे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने जनता से जुड़े कई मुद्दों को मजबूती से उठाया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को नीलगिरी में किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें