Site icon Dainik Savera Times

दूरदर्शन की मशहूर एंकर सरला माहेश्वरी का निधन, 71 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

former doordarshan anchor sarla maheshwari

former doordarshan anchor sarla maheshwari

नेशनल डेस्क: दूरदर्शन की जानी-मानी पूर्व समाचार वाचिका सरला माहेश्वरी का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष की थीं। उनके निधन की जानकारी उनके पारिवारिक मित्र और पूर्व सहकर्मी शम्मी नारंग ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। इस खबर से मीडिया जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है।

सरला माहेश्वरी ने वर्ष 1976 में दूरदर्शन के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। करीब तीन दशकों तक उन्होंने समाचार वाचन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। 1980 और 1990 के दशक में वह टीवी समाचारों का एक भरोसेमंद चेहरा मानी जाती थीं। उस समय दूरदर्शन पर प्रसारण सीमित समय के लिए होता था, लेकिन अपनी प्रभावशाली आवाज और गरिमामय प्रस्तुति के कारण उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।

शम्मी नारंग ने उन्हें याद करते हुए कहा कि सरला माहेश्वरी शिष्टता और विनम्रता की मिसाल थीं। उनकी भाषा पर मजबूत पकड़ थी और वह बेहद ज्ञानवान व्यक्तित्व की धनी थीं। नारंग ने यह भी कहा कि सरला जी न केवल व्यक्तित्व में आकर्षक थीं, बल्कि दिल से भी बेहद उदार और सरल स्वभाव की थीं। दूरदर्शन के पर्दे पर उनकी उपस्थिति का अलग ही प्रभाव होता था और वह हर किसी का सम्मान करती थीं।

जानकारी के अनुसार, सरला माहेश्वरी ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन में अपनी सेवाएं दीं। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने टीवी समाचारों के श्वेत-श्याम दौर से लेकर रंगीन प्रसारण तक का सफर देखा। वह उन चुनिंदा समाचार वाचिकाओं में शामिल थीं, जिन्होंने भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता को एक मजबूत पहचान दिलाने में योगदान दिया।

दूरदर्शन ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संदेश में कहा गया कि सरला माहेश्वरी ने अपनी मधुर आवाज, स्पष्ट उच्चारण और सधी हुई प्रस्तुति से समाचार जगत में विशेष स्थान बनाया। उनकी सादगी, संयम और व्यक्तित्व ने दर्शकों के बीच गहरा विश्वास कायम किया।

उनका अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर शाम के समय किया जाएगा। सरला माहेश्वरी के निधन से दूरदर्शन के स्वर्णिम दौर की एक और यादगार आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई है।

Exit mobile version