Site icon Dainik Savera Times

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हत्याकांड के दोषी संथन की मौत, चेन्नई के अस्पताल में ली अंतिम सांसे

चेन्नई: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हत्याकांड के सात दोषियों में से एक संथन की बुधवार सुबह यहां मौत हो गई। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि श्रीलंकाई नागरिक संथन (54) का लीवर के खराब होने और अन्य बीमारियों के चलते आज सुबह 0750 बजे उसका निधन हो गया।

इस मामले में संथन ने 30 साल से अधिक जेल की सजा काट ली थी और बेहतर उपचार के लिए उसे पिछले महीने त्रिची अस्पताल से यहां राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल (आरजीजीजीएच) भर्ती कराया गया था।

हालांकि, डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और आज सुबह उसकी मौत हो गई। राजीव हत्या मामले के दोषियों को मौत की सज़ा दी गई थी, लेकिन बाद में इसे उम्रकैद में बदल दिया गया। इसके बाद लंबी कानूनी लड़ाई के बाद शीर्ष अदालत ने इन सभी को रिहा कर दिया।

संथन स्वास्थ्य जटिलताओं से उबरने के बाद त्रिचि शरणार्थी शिविर में रह रहा था और अपनी मां से मिलने के लिए श्रीलंका जाने की योजना बना रहा था और वहां की सरकार ने भी उसे यात्रा के लिए मंजूरी दे दी थी। हालाँकि, उसकी यह इच्छा अधूरी रह गई।

Exit mobile version