Site icon Dainik Savera Times

मुंबई में दर्दनाक हादसा: बिरयानी और तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

Four members a family died after eating biryani and watermelon

Four members a family died after eating biryani and watermelon

नेशनल डेस्क: मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। शुरुआती तौर पर इस घटना को फूड प्वाइजनिंग से जोड़ा जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय अब्दुल्ला डोकाडिया, उनकी 35 वर्षीय पत्नी नसरीन डोकाडिया और उनकी दो बेटियों आयशा (16 साल) और जैनब (13 साल) के रूप में हुई है।

जानें पूरा मामला 

जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल की रात परिवार ने अपने घर पर रिश्तेदारों को बुलाया था। कुल 9 लोगों ने मिलकर रात करीब 10:30 बजे खाना खाया, जिसमें बिरयानी शामिल थी। खाना खाने के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर चले गए। इसके बाद रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया। कुछ ही घंटों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। 26 अप्रैल की सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच सभी को उल्टी, दस्त और कमजोरी की शिकायत होने लगी।

उनकी हालत तेजी से खराब होती चली गई।परिवार को तुरंत नजदीकी साबू सिद्दीक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जेजे हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सभी की जान नहीं बचाई जा सकी। सबसे पहले छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया केस 

इसके बाद बाकी तीनों की हालत भी बिगड़ती गई और आखिरकार रात करीब 10:30 बजे अब्दुल्ला डोकाडिया ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही दिन में पूरा परिवार खत्म हो गया। इस मामले में पुलिस ने आकस्मिक मौत का केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम किया जा चुका है और शरीर के साथ-साथ खाने के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।

सभी की नजर पोस्टमार्टम और रिपोर्ट पर टिकी

स्थानीय लोगों और डॉक्टरों के मुताबिक, सभी को अचानक उल्टी, दस्त और कमजोरी की शिकायत हुई थी। फिलहाल सभी की नजर पोस्टमार्टम और रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ हो पाएगा कि मौत की असली वजह क्या थी। यह घटना पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल पैदा कर रही है। अब सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ फूड प्वाइजनिंग का मामला है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Exit mobile version