Site icon Dainik Savera Times

ठाणे में छात्र की हत्या के प्रयास के आरोप में चार किशोरों के खिलाफ मामला दर्ज

ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक छात्र से झगड़े के बाद उसकी हत्या का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने चार किशोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। भोईवाड़ा थाने के अधिकारी ने बताया कि 16 से 17 साल की उम्र के आरोपियों का कुछ समय पहले पीड़ित छात्र के साथ झगड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि सोमवार को उन्होंने पीड़ित को भिवंडी इलाके के रोशन बाग में एक पेड़ के नीचे पकड़ लिया और उसकी कथित तौर पर बुरी तरह पिटाई की।

उन्होंने बताया कि प्राथमिकी के अनुसार आरोपियों में से एक ने 16 वर्षीय छात्र की गर्दन पर चाकू से हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 307 (हत्या का प्रयास), 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमानित करना), 506 (आपराधिक धमकी) और 34 (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है।

Exit mobile version