नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक और अहम पहल सामने आई है। अब दिल्लीवासियों को अपनी ही कॉलोनी में डॉक्टर परामर्श, आवश्यक जांच, दवाइयां और टीकाकरण जैसी सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त मिल रही हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को न केवल सुलभ बल्कि भरोसेमंद भी बनाया है। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में स्थापित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल की मजबूत कड़ी बनकर उभरे हैं। यहां प्रशिक्षित डॉक्टरों और नसिर्ंग स्टाफ की उपलब्धता के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन जैसी बुनियादी जांच की सुविधा दी जा रही है।
इसके अलावा सामान्य बीमारियों के लिए दवाइयां भी मौके पर ही निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे मरीजों को बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। टीकाकरण के क्षेत्र में भी आयुष्मान आरोग्य मंदिर अहम भूमिका निभा रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए नियमित टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है, जिससे लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है। महिलाओं के लिए एएनसी जांच, बच्चों के लिए पोषण परामर्श और बुजुर्गों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच जैसी सेवाएं इन केंद्रों की खासियत हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले छोटी बीमारी के लिए भी निजी अस्पतालों में जाना पड़ता था, जहां समय और पैसे दोनों की परेशानी होती थी। अब कॉलोनी में ही सभी जरूरी सेवाएं मिलने से इलाज आसान और किफायती हो गया है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने भरोसे की भावना भी मजबूत की है, क्योंकि यहां पारदर्शी व्यवस्था और नियमित सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि सरकार का लक्ष्य है कि हर दिल्लीवासी को उसके घर के पास गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। आयुष्मान आरोग्य मंदिर इसी सोच का परिणाम हैं, जो दिल्ली को एक स्वस्थ और सशक्त राजधानी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।

