
Friendship Day 2025: नई दिल्ली। अगस्त महीने का पहला रविवार हर साल दोस्ती के नाम होता है। साल 2025 में फ्रेंडशिप डे 3 अगस्त को मनाया जा रहा है। यह दिन खास होता है उन दोस्तों के लिए जो हमारी जिंदगी को खुशियों से भरते हैं। आइए जानें कि यह दिन क्यों मनाया जाता है, इसका इतिहास क्या है और इसे खास कैसे बनाएं।
फ्रेंडशिप डे क्यों मनाते हैं?
फ्रेंडशिप डे सिर्फ एक दिन नहीं होता, यह अपने दोस्तों को शुक्रिया कहने का मौका होता है। हमारी जिंदगी में कई लोग आते हैं और चले जाते हैं, लेकिन दोस्त वो होते हैं जो हर मोड़ पर हमारे साथ होते हैं। बचपन की शरारतें, स्कूल-कॉलेज की मस्ती, ऑफिस की बातें, जिंदगी की परेशानियां, हर जगह अगर कोई साथ होता है, तो वो है हमारा सच्चा दोस्त।

दोस्ती की कोई सीमा नहीं होती
दोस्ती न तो उम्र देखती है, न जाति, न भाषा। यह दिल से दिल का रिश्ता होता है। एक सच्चा दोस्त हमारे दुख में बिना कहे साथ खड़ा रहता है और हमारी खुशी में सबसे पहले मुस्कुराता है।
फ्रेंडशिप डे का इतिहास
फ्रेंडशिप डे की शुरुआत 1950 के दशक में अमेरिका से हुई थी। अमेरिका के ‘हॉलमार्क कार्ड्स’ के संस्थापक जॉयस हॉल ने यह दिन शुरू किया था। उनका मकसद था कि लोग एक-दूसरे को दोस्ती के लिए धन्यवाद कहें और इस रिश्ते का जश्न मनाएं।
भारत में कब शुरू हुआ?
भारत में अगस्त के पहले रविवार को फ्रेंडशिप डे मनाने की परंपरा शुरू हुई। धीरे-धीरे यह एक लोकप्रिय त्योहार बन गया। क्योंकि यह दिन वीकेंड पर आता है, इसलिए लोग आराम से दोस्तों से मिल सकते हैं और खुशियां बांट सकते हैं।
इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे
संयुक्त राष्ट्र (UN) ने साल 2011 में 30 जुलाई को ‘अंतरराष्ट्रीय मित्रता दिवस’ घोषित किया। इसका उद्देश्य था दुनियाभर में शांति, प्यार और समझ को बढ़ाना।

फ्रेंडशिप डे कैसे मनाएं?
इस दिन को मनाने का कोई नियम नहीं, लेकिन कुछ चीजें इसे यादगार बना सकती हैं:
-पुराने दोस्तों से संपर्क करें
-उन्हें कॉल करें या मिलने जाएं।
-उनकी हालचाल पूछें, साथ बिताए पल याद करें।
-कोई प्यारा सा गिफ्ट या कार्ड दें
-एक छोटा सा तोहफा भी दोस्ती को मजबूत कर सकता है।
-हाथ से बना कार्ड हो तो और भी खास लगता है।
-पुरानी यादें ताजा करें
-पुराने फोटो इकट्ठे करें और एक कोलाज बनाएं।
-उसे सोशल मीडिया पर शेयर करें या दोस्तों के साथ बैठकर देखें।
-मूवी नाइट या डिनर प्लान करें
-किसी अच्छी फिल्म का प्लान बनाएं।
-बाहर खाना खाने जाएं या घर पर पार्टी करें।
-अपने दिल की बात कहें
अपने दोस्तों को दिल से “थैंक यू” कहें।
-उन्हें बताएं कि वे आपकी जिंदगी में कितने खास हैं।
दोस्ती का असली मतलब क्या होता है
आज की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में हम कई बार अपने सबसे अच्छे रिश्तों को भूल जाते हैं। फ्रेंडशिप डे हमें याद दिलाता है कि दोस्त हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं।एक सच्चा दोस्त वही होता है जो बिना कहे आपकी तकलीफ समझ ले, बिना स्वार्थ आपकी मदद करे और बिना दिखावे के हमेशा आपके साथ खड़ा रहे।
फ्रेंडशिप डे सिर्फ एक दिन नहीं, दोस्ती की अहमियत समझने का मौका है। तो इस बार 3 अगस्त को अपने दोस्तों को जरूर बताएं कि वो आपके लिए कितने कीमती हैं। “दोस्ती वो एहसास है जो हर दिल में होता है, लेकिन हर कोई दोस्त नहीं होता।”