नई दिल्ली: संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले इंडिया गठबंधन ने राजनीतिक तीरों का पूरा तरकश भर लिया है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘5 फाइटर जैट गिराने’ वाले बयान से लेकर बिहार में वोटर लिस्ट में सुधार यानी एसआईआर (स्पैशल इंटैंसिव रिविजन), आतंकवाद और ऑपरेशन सिंदूर पर सरकार को घेरने के लिए विपक्ष की पूरी तैयारी है। दिल्ली में विपक्षी दलों की अहम बैठक में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने साफ कहा कि अब सरकार को हर सवाल का जवाब देना ही होगा। माहौल कुछ यूं बन चुका है कि मानसून सत्र अब सिर्फ विधायी कामकाज का नहीं एक सियासी महायुद्ध का मंच बनने जा रहा है।
बैठक में इंडिया गठबंधन के 24 दलों के प्रमुख नेताओं ने शनिवार को ऑनलाइन बैठक की। बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजरुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, शिवसेना (उबाठा) के उद्धव ठाकरे, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और कुछ अन्य नेता शामिल हुए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि बैठक बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई। उन्होंने कहा, बैठक में सबका स्वर एक रहा। सबसे ज्यादा प्राथमिकता का मुद्दा पहलगाम का है। नेताओं ने इस पर चिंता व्यक्त की है कि हमला करने वाले आतंकियों को अब तक न्याय के कठघरे में क्यों नहीं लाया गया है।
तिवारी का कहना था कि ट्रंप के दावे और इस पर प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी के मुद्दे पर चर्चा की गई। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री को ट्रंप के दावे पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कि नेताओं ने एसआईआर को लेकर चिंता जताई क्योंकि बड़ी संख्या में मतदाताओं के मताधिकार खोने का खतरा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह सहमति भी बनी कि विदेश नीति, चीन और गाजा का विषय भी सत्र में उठना चाहिए। तिवारी के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार जिस तरह से देश के हितों के अनदेखी कर रही है, उसके खिलाफ विपक्ष एकजुट है।
इस बैठक से एक दिन पहले शुक्रवार को गठबंधन को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब आम आदमी पार्टी (आप) ने ‘इंडिया’ गठबंधन से दूरी बनाते हुए कहा कि वह अब विपक्षी गठजोड़ का हिस्सा नहीं है और इसका नेतृत्व करने में कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर सवाल उठाया। आम आदमी पार्टी के गठबंधन से दूरी बनाने से जुड़े सवाल पर तिवारी ने सिर्फ इतना कहा कि आज कुल 24 दल बैठक में शामिल हुए। संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से आरंभ हो रहा है और 21 अगस्त कुल 21 बैठकें प्रस्तावित हैं।
ये भी पढ़ें :- वैश्विक दबाव के बीच बाजार की सुस्त शुरुआत, सेंसेक्स-निफ्टी सपाट

