Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

मुगल से लेकर अंग्रेज आए और गए, लेकिन सनातन था, है और रहेगा: Anurag Thakur

नई दिल्ली/ऊना: पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने लोकसभा के राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर पार्टी की ओर से प्रथम वक्ता के रूप में बोलते हुए एनडीए सरकार के पिछले 10 साल के शासन-प्रशासन की उपलब्धियां गिनाईं और कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर हमला भी बोला। धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि विकास भी और विरासत भी हमारी सरकार की पहचान है।

जबकि विपक्षी डीएम के सांसद दयानिधि मारन की रोक-टोक पर अनुराग ठाकुर ने उनकी पार्टी और पार्टी नेताओं पर पलटवार किया और कहा कि क्योंकि मैंने विकास भी और विरासत भी बात की तो दयानिधि मारन का चिल्लाना सही था। क्योंकि इनके नेता वहां बैठ-बैठ कर कहते हैं कि सनातन धर्म बीमारी की तरह है, इसे जड़ से मिटाना है। इनके नेताओं को शर्म आनी चाहिए और देश से माफी मांगनी चाहिए। मुगल आए आकर चले गए, अंग्रेज आए आकर चले गए, लेकिन सनातन था, सनातन है और सनातन रहेगा।

अनुराग ठाकुर ने नेता विपक्ष चुने गए राहुल गांधी को बधाई भी दी और साथ ही उन्हें उनकी जिम्मेदारी के बारे में भी बताते हुए कहा ये अच्छी बात है कि राहुल गांधी नेता विपक्ष बने हैं। ये इसलिए भी अहम हैं क्योंकि पिछले 20 साल से वे बिना जिम्मेदारी के पावर का मजा ले रहे थे, अब उन्हें जिम्मेदारी भी लेनी पड़ेगी। यह उनके लिए परीक्षा है, क्या वे विपक्ष को एकजुट रख पाएंगे? पिछले सैशन में उनकी 50 प्रतिशत से भी कम हाजिरी थी, अरे वह तो आज भी नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि अब देखते हैं राहुल गांधी सदन में कितना रहते हैं। क्या उन्हें पता है कि सवाल पूछने के लिए दिन-दिन भर सदन में रहना होता है, जैसे प्रधानमंत्री जी उपलब्ध रहते हैं। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर जब यह टिप्पणी की। तब राहुल गांधी सदन में नहीं थे और विपक्षी सदस्यों ने इसका विरोध किया। अनुराग ठाकुर ने इस दौरान कहा कि क्या कांग्रेस का राहुलयान फिर से फेल हो गया है? कांग्रेस 4 जून से दिखाने में लगी है 99 का आंकड़ा 240 से बड़ा होता है। अब तो एक और कम होकर 98 रह गई है।

2014, 2019 और 2024 के चुनावों में कुल मिलाकर जितनी सीटें कांग्रेस को मिली हैं उससे अधिक सीटें भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के इस चुनाव में जीती हैं। इन चुनावों में कांग्रेस कुल 328 सीटों पर चुनाव लड़ी और 229 सीटों पर चुनाव हार गई, यानी की कांग्रेस अपनी लड़ी कुल 70} पर चुनाव हार गई। 2004 के चुनाव में कांग्रेस ने सिर्फ 145 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि 2009 में 206 सीटें जीतकर यूपीए-2 का गठन किया। 2024 के आम चुनावों में भाजपा ने अपने दम पर 240 सीटें जीती हैं।


चुनाव के समय से ही कांग्रेस संविधान के खतरे का प्रोपेगैंडा फैला रही थी, इस पर अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी को घेरते हुआ पूछा क्या विपक्ष को पता भी है कि संविधान में कितने पन्ने होते हैं दिन भर संविधान को लहराते रहने वालों से अनुरोध है कि वे संविधान खोलकर भी देख लें। जिन्हें संविधान के पन्ने नहीं पता हैं वे संविधान बचाने की बात करते हैं। अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने भाषण में मोदी सरकार के कामकाज का आंकड़ों के साथ जिक्र किया।

Exit mobile version