Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

G-20 में भारत की सक्रिय कूटनीति, PM मोदी ने कई विश्व नेताओं से की मुलाकात

November 23, 2025

G-20 में भारत की सक्रिय कूटनीति, PM मोदी ने कई विश्व नेताओं से की मुलाकात

दक्षिण अफ्रीका: जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक साझेदारियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से दुनिया के कई शीर्ष नेताओं से लगातार मुलाकातें कीं। इन मुलाकातों में ब्रिटेन, फ्रांस, दक्षिण कोरिया, ब्राज़ील, मलेशिया, इटली, सिंगापुर और जर्मनी समेत कई देशों के प्रमुख शामिल रहे। पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र, विश्व व्यापार संगठन और विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुखों से भी बातचीत की।

वैश्विक चुनौतियों के समाधान पर रहा फोकस

पीएम मोदी की चर्चाओं का केंद्र वैश्विक विकास, आर्थिक साझेदारी, निवेश, तकनीकी सहयोग और वैश्विक शांति-सुरक्षा जैसे प्रमुख मुद्दे रहे। उन्होंने नेताओं के साथ मुलाकात में यह संदेश दिया कि “साझा समस्याओं का समाधान सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।”

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात में द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को गति देने पर सहमति बनी। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ रक्षा, प्रौद्योगिकी और इंडो-पैसिफिक सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा हुई। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ दोनों देशों के बीच व्यापारिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का विस्तार प्रमुख विषय रहा।

दक्षिण कोरिया और ब्राज़ील के साथ बढ़ती नजदीकियां

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली-जे-म्यूंग के साथ प्रधानमंत्री मोदी की यह वर्ष की दूसरी बैठक थी, जिसमें निवेश, तकनीक और औद्योगिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार हुआ। ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा से मुलाकात में कृषि, व्यापार और सांस्कृतिक सहभागिता को मजबूत करने का संकल्प जताया गया।

अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रमुखों से भी बैठकें

प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटरेस, डब्ल्यूटीओ प्रमुख डॉ. न्गोजी ओकोन्जो-इवेला और डब्ल्यूएचओ चीफ टेड्रोस घेब्रेयेसस से भी महत्वपूर्ण बातचीत की। इन चर्चाओं में वैश्विक स्वास्थ्य, टिकाऊ विकास लक्ष्यों और व्यापार सुधार जैसे विषय प्रमुख रहे।

अन्य देशों के नेताओं से भी हुई महत्वपूर्ण वार्ता

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग, वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, अंगोला और इथियोपिया के शीर्ष नेताओं से भी मुलाकातों ने भारत की कूटनीतिक सक्रियता को नए आयाम दिए। प्रधानमंत्री ने इथियोपिया और सिएरा लियोन के राष्ट्रप्रमुखों के साथ विकास आधारित सहयोग को और मजबूती देने पर जोर दिया।

जी-20 सत्र में मोदी की बड़ी पहल

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने वैश्विक विकास ढांचे में व्यापक सुधार, ड्रग-टेरर नेक्सस के खिलाफ संयुक्त पहल और वैश्विक हेल्थ इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम बनाने का प्रस्ताव रखा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें