Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

G20 Summit : सड़कों के किनारे सैकड़ों पेड़ों को गेंदे की मालाओं से गया हैं सजाया

September 8, 2023

G20 Summit : सड़कों के किनारे सैकड़ों पेड़ों को गेंदे की मालाओं से गया हैं सजाया

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी में जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन के मद्देनजर सड़कों के किनारे सैकड़ों पेड़ों को गेंदे की मालाओं से सजाया गया है। यह सजावट उन मार्गों पर की गई है जिनसे सम्मेलन में शामिल होने आए विदेशी प्रतिनिधि और मेहमान गुजरेंगे। पालम तकनीकी क्षेत्र, सरदार पटेल मार्ग, राजघाट और अन्य महत्वपूर्ण चौराहों पर गेंदे की मालाओं से सजे पेड़ों को देखा जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना के आदेश पर यह सजावट की गई है।

सक्सेना ने बीते सप्ताह बताया था, मेहमानों के स्वागत की यह गुजराती परंपरा है। यह पर्यावरण-अनुकूल तरीका भी है और गेंदे के फूलों से सौंदर्य मूल्य भी बढ़ जाता है। इस कार्य में विभिन्न एजेंसियां शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली छावनी बोर्ड ने पालम तकनीकी क्षेत्र (थिमैया रोड से परेड रोड) में करीब 400 पेड़ों को सजाया है जबकि लोक निर्माण विभाग ने राजघाट के पास लगभग 200 पेड़ों और 100 खंभों की सजावट की है।

इसके अलावा, नयी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) ने सरदार पटेल मार्ग और महत्वपूर्ण चौराहों पर करीब 1,200 पेड़ों को सजाया है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने लगभग 300 पेड़ों की सजावट की। एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में महत्वपूर्ण सड़कों पर इस तरह की पर्यावरण-अनुकूल सजावट पहली बार हुई है। जी20 शिखर सम्मेलन का आयोजन नौ और 10 सितंबर को हो रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें