Site icon Dainik Savera Times

ट्रकों से तेल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक को लगी गोली

Encounter in Uttar Pradesh : फिरोजाबाद के थाना टूंडला में तेल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया है। यह लोग अधिकतर ट्रकों से तेल चोरी करते थे और उसको किसी सुनसान जगह पर छुपाकर रखते थे। बदमाश और पुलिस के बीच हुई इस मुठभेड़ में एक आरोपी तालिब , के पैर में गोली लगने से घायल हो गया है।

एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को तेल चुराने वाले गिरोह के चार अभियुक्तों के बारे में सूचना मिली थी। यह चार लोग तालिब, जुबेर, साजिद चौहान व सबील हैं। जानकारी के अनुसार, इनमें से एक आरोपी जब चोरी की जगह तेल बरामद कराने के लिए पुलिस के साथ गया तो वहां छुपाकर रखे तमंचे से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया, ‘थाना टूंडला के अंतर्गत तेल चोरी की एक घटना हुई थी जिसमें मुकदमा पंजीकृत था। छानबीन के दौरान चार अभियुक्तों के नाम सामने आए थे और उनकी गिरफ्तारी हुई है। पूछताछ के दौरान पता चला कि नगला महादेव में एक खंडहर के पास इन्होंने चोरी का माल छुपाया था। इसमें मेरठ के रहने वाले एक अभियुक्त तालिब को चोरी का माल बरामद करने के लिए पुलिस यहां पर लेकर आई थी।‘

उन्होंने आगे बताया कि जहां इसने चोरी का माल छुपाया था, वहां इसने एक अवैध तमंचा भी छिपा रखा था। उसने तमंचे से पुलिस के ऊपर फायरिंग कर दी, जिसमें आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लगी है। इसको लिस की सुरक्षा में फिरोजाबाद के ट्रामा सेंटर में तत्काल इलाज के लिए भेज दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

एसपी के अनुसार, पुलिस को 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोल बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक स्विफ्ट कार भी बरामद हुई है। इसके अलावा चोरी का तेल बरामद कर लिया गया है।

Exit mobile version