Site icon Dainik Savera Times

चेतावनी स्तर से ऊपर पंहुचा गंगा का जलस्तर, बाढ़ के पानी में रील न बनाने की प्रशासन कर रहा अपील

Ganga water level

Ganga water level

Ganga water level : झारखंड के साहिबगंज में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी के निशान को पार कर गया है। रविवार को जलस्तर चेतावनी के निशान 26.25 मीटर को पार कर 26.89 मीटर पर पहुंच गया। सोमवार सुबह तक यह 27.25 मीटर तक जा सकता है, जो खतरे के निशान से भी ज़्यादा होगा। स्थिति को देखते हुए ज़िला प्रशासन ने रविवार दोपहर बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया है। जलस्तर बढ़ने से दियारा और शहर के निचले इलाकों में पानी घुसने लगा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। भारती कॉलोनी, रसूलपुर दहला नया टोला, बिजली घाट के सामने नया टोला, चानन और कबूतराखोपी जैसे इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने का ख़तरा बढ़ गया है। दियारा क्षेत्र के लोग अपने सामान और जानवरों के साथ ऊंचे स्थानों पर जा रहे हैं।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
गंगा नदी के ऊपरी इलाकों जैसे प्रयागराज, बक्सर, पटना, मुंगेर, भागलपुर और कहलगांव में जलस्तर बढ़ने से साहिबगंज में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। इस खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।

बाढ़ के पानी में रील न बनाने की अपील
उपायुक्त हेमंत सती ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से दियारा क्षेत्र खाली करने, नावों में क्षमता से अधिक भीड़ न भरने, बाढ़ के पानी में रील बनाने से बचने और बच्चों को नदी के पास न जाने देने की अपील की है। उपायुक्त ने गंगा तट का दौरा कर जलस्तर का जायजा लिया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार
उन्होंने बताया कि बाढ़ की आशंका को देखते हुए नावों, जीवन रक्षक उपकरणों, दवाओं और एम्बुलेंस की व्यवस्था कर ली गई है। जिला प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और गंगा के जलस्तर पर लगातार नज़र रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन कर सुरक्षित रहने की अपील की है।

Exit mobile version