Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने अपने अपराध नैटवर्क का दबदबा बनाने के लिए बाबा सिद्दीकी की हत्या करवाई : पुलिस

January 7, 2025

गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने अपने अपराध नैटवर्क का दबदबा बनाने के लिए बाबा सिद्दीकी की हत्या करवाई : पुलिस

मुंबई: भगौड़े गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने अपने संगठित अपराध सिंडिकेट के जरिए ‘आतंक का माहौल बनाने’ के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का आदेश दिया था। मुंबई पुलिस द्वारा सोमवार को दाखिल आरोपपत्र में यह कहा गया है। अपराध शाखा ने 4,590 पन्नों के आरोपपत्र में 29 आरोपियों को नामजद किया है, जिनमें 26 पहले से ही गिरफ्तार हैं और 3 वांछित हैं।

जेल में बंद गैंगस्टर लॉरैंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के अलावा मोहम्मद यासीन अख्तर और शुभम लोनकर वांछित आरोपी हैं। पुलिस ने कहा कि उसने सभी 29 आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए हैं। अपराध शाखा ने मुंबई में विशेष महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सिद्दीकी (66) की 12 अक्तूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर 3 हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। गिरफ्तार किए गए 26 आरोपियों में कथित मुख्य शूटर शिवकुमार गौतम और उसके साथी शामिल हैं। पुलिस ने उन सभी के खिलाफ मकोका लगाने से पहले उन पर हत्या के लिए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें