Site icon Dainik Savera Times

BSP नेता आर्मस्ट्रांग की हत्या के मामले में गिरफ्तार गैंगस्टर की पुलिस मुठभेड़ में मौत

Encounter in Amritsar

Encounter in Amritsar

चेन्नई। तमिलनाडु में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आर्मस्ट्रांग की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए कुख्यात गैंगस्टर ‘सीजिंग’ राजा सोमवार सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। राजा को रविवार शाम आंध्र प्रदेश में उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया था और उसे आर्मस्ट्रांग की हत्या के सिलसिले में शहर लाया जा रहा था। पुलिस मुख्यालय में प्राप्त रिपोटरे में कहा गया है कि पड़ोसी राज्य में उसके ठिकाने का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने वाली एक विशेष पुलिस टीम उसे पूछताछ के लिए शहर ले जा रही थी तभी उसने ईसीआर स्ट्रेच पर उपनगरीय नीलांकरई में पुलिस पर हमला करने के बाद भागने की कोशिश की तो विशेष टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई जिससे वह मौके पर ही मारा गया। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

आर्मस्ट्रांग हत्याकांड में यह दूसरी मुठभेड़ है इससे पहले जुलाई में मुख्य आरोपी थिरुवेंगदम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। राजा इस मामले में गिरफ्तार होने वाले 29वें आरोपी थे।उल्लेखनीय है कि घटना के तीन महीने से अधिक समय बाद आर्मस्ट्रांग हत्याकांड के एक प्रमुख संदिग्ध को शनिवार शाम को नयी दिल्ली में गिरफ्तार किया गया। संदिग्ध की पहचान अप्पू (40) के रूप में हुई है जिसे हत्या करने वाले गिरोह को देसी बम सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसे पूछताछ के लिए रविवार को ट्रांजिट रिमांड पर चेन्नई शहर लाया गया। आर्मस्ट्रांग की हत्या गत पांच जुलाई की रात को उत्तरी चेन्नई के सेम्बियम में उनके पेरम्बूर स्थित घर के सामने छह लोगों के एक गिरोह ने कर दी थी। पुलिस ने इस हत्या को हिस्ट्रीशीटर अर्कोट सुरेश की हत्या का परिणाम बताया।

Exit mobile version