Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई, रिकॉर्ड में गड़बड़ी-गैस एजेंसी सील

April 17, 2026

Haryana : सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई, रिकॉर्ड में गड़बड़ी-गैस एजेंसी सील

फतेहाबाद। फतेहाबाद के साथ लगते टोहाना में नियमों को ताक पर रखकर काम कर रही रसोई गैस एजेंसी को सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने सील कर दिया।

मिल रही थीं मनमानी की शिकायतें

पता लगा है कि यहां से लंबे समय से लापरवाही और मनमानी की शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। टोहाना की कुछ गैस एजेंसियां पिछले काफी समय से अपनी कार्यप्रणाली को लेकर सुर्खियों में थीं। वार्ड नंबर-2 के निवासी सतपाल सहित कई अन्य उपभोक्ताओं ने पीएमओ और सीएम विंडो तक शिकायतें भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि एजेंसी की ओर से सिलेंडरों की डिलीवरी में जानबूझकर देरी की जाती है और स्टॉक को लेकर पारदर्शिता नहीं बरती जा रही।

संचालक नहीं दिखा पाए रिकॉर्ड

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक निर्दोष पुनिया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मौके पर हवा सिंह नामक व्यक्ति मौजूद मिले। जब टीम ने स्टॉक रजिस्टर और अन्य आधिकारिक दस्तावेज मांगे, तो एजेंसी संचालक कोई भी रिकॉर्ड पेश करने में नाकाम रहे। संचालक की ओर से दलील दी गई कि उनके स्टाफ का एक कर्मचारी बीमार है और दूसरे के घर में गमी (मौत) हो गई है, जिसकी वजह से रिकॉर्ड रूम की चाबियां और दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि, प्रशासन ने इस दलील को संतोषजनक न मानते हुए एजेंसी को सील करने का फैसला लिया।

स्टॉक की जानकारी और अगली कार्रवाई

जांच टीम ने बताया कि गोदाम के फिजिकल चेकिंग के दौरान 516 खाली सिलेंडर, 17 भरे हुए सिलेंडर, 343 छोटे सिलेंडर और 51 कमर्शियल सिलेंडर पाए गए हैं। विभाग ने फिलहाल पूरे परिसर को सील कर दिया है और विस्तृत रिपोर्ट जिला खाद्य और आपूर्ति विभाग के उच्चाधिकारियों को भेज दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्टॉक रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने के बाद ही अगली कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, लेकिन नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने जैसी कार्रवाई भी हो सकती है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें