Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच गौतम अदाणी ने भारतीय सेना का किया समर्थन, बोले- पूरी दुनिया भारत की ताकत देख रही है

May 9, 2025

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच गौतम अदाणी ने भारतीय सेना का किया समर्थन, बोले- पूरी दुनिया भारत की ताकत देख रही है

India-Pakistan tension: अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच भारतीय सेना के प्रति अपना पूरा समर्थन जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में दुनिया भारत की असली ताकत और एकता को देख रही है, जो उसकी विविधता और समानता दोनों में बसी है।

गौतम अदाणी ने लिखा, हम अपनी सेना के साथ अडिग एकजुटता में खड़े हैं और हमारी मातृभूमि की आत्मा और हमारे आदर्शों की भावना की रक्षा में उनका पूरा साथ देंगे। इंडिया फर्स्ट, जय हिंद!

उनकी यह प्रतिक्रिया तब आई जब भारत ने गुरुवार रात पाकिस्तान की एक बड़ी हवाई हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया। यह हमला जम्मू, पठानकोट और उधमपुर स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइलों के जरिए किया गया था। इस हमले के चलते जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान में ब्लैकआउट और सायरन बजने लगे। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई और आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय कर दी गई।

इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (आईडीएस) के मुताबिक, भारतीय सेना ने सभी खतरों को कारगर तरीकों से नाकाम किया। जम्मू एयरपोर्ट के पास कई ड्रोन मार गिराए गए और किसी भी सैन्य ठिकाने को नुकसान नहीं पहुंचा।

जम्मू के पास आठ मिसाइलें भी इंटरसेप्ट की गईं। साथ ही, भारत की ओर से सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल ने पाकिस्तान के सरगोधा एयरबेस से उड़ान भरने वाले एक एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया।

भारत ने इस हमले का तेजी से और निर्णायक जवाब दिया। सूत्रों के अनुसार, भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया, जिनमें लाहौर का एक ठिकाना भी शामिल है। इससे पहले भारत ने “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर कई आतंकियों को ढेर कर दिया था। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कई बॉर्डर इलाकों जैसे कुपवाड़ा, बारामुला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी में भारी गोलीबारी की, लेकिन भारतीय सेना ने उसे मुंहतोड़ जवाब दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें