Site icon Dainik Savera Times

जनरल द्विवेदी की नेपाल यात्रा से सैन्य सहयोग का नया युग आरंभ होने की संभावना

नयी दिल्ली: सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी नेपाल की पांच दिन की सफल आधिकारिक यात्रा पूरी कर रविवार काे स्वदेश लौट आए। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और क्षेत्रीय सुरक्षा पर अधिक ध्यान केन्द्रित होने के साथ सैन्य सहयोग का नया युग आरंभ होने की संभावना है। रक्षा मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि जनरल द्विवेदी की यात्रा से दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक संबंध तथा परस्पर सम्मान और सुदृढ़ हुआ। यह क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और साझेदारी बढ़ाने के भारत और नेपाल की सेना की साझा प्रतिबद्धता दर्शाता है। जनरल द्विवेदी ने नेपाल के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के साथ व्यापक चर्चा की। उन्होंने राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल, प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली और रक्षा मंत्री मनबीर राय के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं। नेपाली सेनाध्यक्ष जनरल अशोक राज सिगडेल और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ भी उनकी सार्थक चर्चा हुई। बातचीत में खुलेपन और परस्पर सम्मान का भाव रहा, जो द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

भारतीय सेना प्रमुख ने एक भव्य समारोह में टुंडीखेल स्थित बीर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर नेपाल के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। बाद में नेपाली सेना मुख्यालय में उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत-नेपाल संबंधों को सुदृढ़ करना था। जनरल द्विवेदी ने नेपाल के सेनाध्यक्ष जनरल सिगडेल से मुलाकात की और परस्पर हित के विभिन्न पहलुओं तथा द्विपक्षीय रक्षा सहयोग सुदृढ़ करने के उपायों पर चर्चा की। नेपाली सेना के सैन्य संचालन महानिदेशक ने उन्हें सैन्य गतिविधियों से अवगत कराया। जनरल द्विवेदी की नेपाल के अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ भी उच्च स्तरीय चर्चा हुई। वार्ता में सैन्य संबंधों को बढ़ाने, संयुक्त अभ्यास, प्रशिक्षण सहयोग तथा क्षमता उन्नयन पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिससे वैश्विक शांति और सुरक्षा की साझा प्रतिबद्धता को बल मिला। दोनों सेनाओं के बीच मैत्री प्रतीक के रूप में भारतीय सेना ने नेपाल की सेना को सुसज्जित अश्व तथा प्रहरी श्वान भेंट किए।

Exit mobile version