Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंज़िल से कूदकर दी जान, वजह जान हो जाएंगे हैरान

February 4, 2026

तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंज़िल से कूदकर दी जान, वजह जान हो जाएंगे हैरान

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के टीलामोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों ने कथित रूप से अपने माता-पिता द्वारा ऑनलाइन गेम खेलने पर रोक लगाए जाने के बाद 9वीं मंज़िल से कूदकर आत्महत्या कर ली।

मृतक बहनों की उम्र 16 वर्ष, 14 वर्ष और 12 वर्ष बताई जा रही है। यह घटना देर रात करीब 2:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें अपने कमरे में थीं और उनके माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान तीनों ने कमरे की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। शोर सुनकर सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें पिछले कुछ महीनों से लगातार ऑनलाइन गेम खेल रही थीं। कोरोना काल के बाद उन्होंने पढ़ाई भी छोड़ दी थी। परिजनों के अनुसार, इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था और माता-पिता ने उन्हें गेम खेलने से मना किया था।

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मृतक बच्चियों के पिता चेतन कुमार ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते हैं। परिवार पिछले तीन वर्षों से भारत सिटी सोसायटी में किराये के मकान में रह रहा था और मूल रूप से दिल्ली का निवासी है।

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही बच्चियों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी तरह का दबाव, मानसिक तनाव या ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़ा कोई अन्य कारण तो नहीं था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और सोसायटी के लोग भी गहरे सदमे में हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें