Girl who had a love marriage commits suicide : रेवाड़ी। सिर्फ तीन महीने पहले प्यार के खातिर समाज और रिश्तों की तमाम बंदिशों को पीछे छोड़कर मेघा ने अपने सपनों का संसार बसाया था। उसे लगा था कि प्रेम विवाह के साथ उसकी जिंदगी खुशियों की नई राह पर चल पड़ेगी, लेकिन महज 90 दिनों के भीतर उसका यह सपना दर्दनाक अंत में बदल गया।
संदिग्ध हालात खड़े कर रहे सवाल
रेवाड़ी की धक्का बस्ती में 16 वर्षीय नवविवाहिता मेघा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई और सच्चाई छिपी है, इसका जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है, जबकि परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो सुबह जब मेघा काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकली तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, तो अंदर मेघा का शव मिला।
घटना के समय पति नहीं था घर
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के समय मृतका का पति किसी काम के सिलसिले में चंडीगढ़ गया हुआ था। घर में उस वक्त मेघा अकेली थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में भिजवाया। इधर, मौत की सूचना मिलते ही मेघा के परिजन नागरिक अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया। परिजनों ने आत्महत्या से इनकार करते हुए मेघा की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाह के बाद से ही मेघा परेशान थी और उसके साथ गलत व्यवहार किया जाता था।
मामले की जांच कर रही पुलिस
इस पूरे मामले में मॉडल टाउन थाना प्रभारी रतन लाल ने कहा कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read :

