Site icon Dainik Savera Times

48 घंटे में 10 लाख डॉलर दो वरना मुंबई एयरपोर्ट को बम से उड़ा दूंगा…पुलिस को ईमेल पर मिली धमकी

नेशनल डेस्क: मुंबई पुलिस उस समय हरकत में आ गई जब उसे मुंबई एयरपोर्ट के बम से उड़ाने की धमकी मिली। दरअसल मुंबई पुलिस को ईमेल आया कि जल्द ही हम मुंबई एयरपोर्ट को उड़ाएंगे। गुरुवार को मुबई पुलिस को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला था। ईमेल भेजने वाले ने मुंबई एयरपोर्ट पर विस्फोट को रोकने के लिए 48 घंटों के भीतर बिटकॉइन में 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर (10 लाख डॉलर) की मांग की है।

 

मुंबई पुलिस ने कहा कि सहार पुलिस ने ईमेल आईडी-quaidacasrol@gmail.com का उपयोग करके धमकी भरा मेल भेजने के लिए एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, यह मेल गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) के फीडबैक इनबॉक्स पर भेजा गया था।

 

ईमेल में लिखा था, ‘विषय: विस्फोट.’ मेल के टेक्स्ट में लिखा है- यह आपके एयरपोर्ट के लिए अंतिम चेतावनी है। अगर दिए गए पते पर बिटकॉइन में एक मिलियन डॉलर ट्रांसफर नहीं किए गए तो हम 48 घंटों के भीतर टर्मिनल 2 को बम से उड़ा देंगे, 24 घंटे के बाद हम एक और चेतावनी जारी करेंगे।

 

मुंबई पुलिस के मुताबिक, भारतीय दंड संहिता की धारा 385 (जबरन वसूली के लिए किसी व्यक्ति को चोट के डर में डालना) और 505 (1) (बी) (जनता में डर पैदा करने या सार्वजनिक शांति के खिलाफ भय पैदा करने के इरादे से दिए गए बयान) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक जांच जारी है और जल्द ही उस शख्स को पकड़ लिया जाएगा, जिसने यह मेल भेजा है।

Exit mobile version