Gold and silver price today: संयुक्त राज्य अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव ने वैश्विक वित्तीय बाजारों में भारी अस्थिरता पैदा कर दी है। भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया है। ईरान के सर्वोच्च नेताअयातुल्ला अली खामेनेई की कथित मौत की खबरों ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर चिंताओं को और गहरा कर दिया है। इसका सीधा असर कीमती धातुओं के बाजार पर देखने को मिला।
MCX पर रिकॉर्ड तेजी
MCX पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना शुक्रवार के बंद भाव 1,62,104 रुपये से 5,811 रुपये यानी 3 प्रतिशत से अधिक उछलकर 1,67,915 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। वहीं 5 मार्च डिलीवरी वाली चांदी 2,74,998 रुपये से 10,980 रुपये की बढ़त के साथ 2,85,978 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी। चांदी में करीब 4 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई।
ये भी पढ़ें- UAE में फंसे कई पंजाबी परिवार, किसी के पास दवाई लेने तक के भी पैसे नहीं, सरकार से लगाई मदद की गुहार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी
वैश्विक बाजारों में भी बुलियन की कीमतों में जोरदार उछाल आया है। स्पॉट गोल्ड चार सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंचते हुए 1 प्रतिशत बढ़कर 5,329.39 डॉलर प्रति औंस हो गया। शुरुआती कारोबार में इसमें 2 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 1.8 प्रतिशत चढ़कर 5,342.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए। वहीं चांदी की कीमतों में 2.8 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई और यह 96.4 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई।
निवेशकों का ‘सेफ हेवन’ की ओर झुकाव
विशेषज्ञों के अनुसार, जब भी वैश्विक स्तर पर युद्ध या राजनीतिक अस्थिरता बढ़ती है, निवेशक शेयर बाजार जैसे जोखिम वाले एसेट से निकलकर सोना-चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों में निवेश बढ़ा देते हैं। यही वजह है कि मौजूदा तनाव के बीच कीमती धातुओं में जोरदार खरीदारी देखी जा रही है। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि यदि मध्य पूर्व में हालात और बिगड़ते हैं तो सोने-चांदी की कीमतों में और तेजी आ सकती है। हालांकि, किसी भी कूटनीतिक समाधान की दिशा में ठोस प्रगति होने पर मुनाफावसूली भी देखने को मिल सकती है।

