Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM मोदी की ओर से भेंट किया गया सोने का मुकुट बांग्लादेश के मंदिर से चोरी

October 11, 2024

PM मोदी की ओर से भेंट किया गया सोने का मुकुट बांग्लादेश के मंदिर से चोरी

नई दिल्ली। बांग्लादेश के श्री श्री जेशोरेश्वरी मंदिर में देवी काली का सोने का मुकुट चोरी हो गया। यह मुकुट, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उपहार में दिया गया था। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे इस घटना का पता चला। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक मंदिर के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक दोपहर 2:49 बजे मंदिर में प्रवेश करता हुआ दिखाई दे रहा है। वह मूर्ति के पीछे खड़ा होता है और कुछ ही पलों में मुकुट को अपनी टी-शर्ट के नीचे छिपा लेता है। जींस और सफेद टी-शर्ट पहने हुए इस व्यक्ति ने मुकुट लेने से पहले इधर-उधर देखा, हालांकि इस दौरान वह शांत और संयमित नजर आया।

रिपोर्ट के मुताबिक मंदिर के पुजारी दिलीप बनर्जी ने बताया कि वह मंदिर को बंद कर दोपहर 2 बजे के बाद घर चले गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे मंदिर की देखभाल की जिम्मेदारी संभाल रही रेखा रानी ने पूजा के लिए इस्तेमाल की जाने वाली थालियां और गिलास को साफ करने के लिए, प्रवेश द्वार का ताला खोला। कुछ सामान पास के भवन में रखने के बाद जब वह बाकी सामान लाने के लिए मंदिर लौटी तो देखा कि मूर्ति के सिर से मुकुट गायब था। उसने तुरंत सभी को घटना की जानकारी दी। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक श्यामनगर थाना प्रभारी (जांच) फकीर तैजुर रहमान ने बताया कि जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने यह जानकारी दी कि सेना के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 फरवरी, 2021 को मंदिर की अपनी यात्र के दौरान मुकुट उपहार के रूप में दिया था। बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर उच्चायोग ने कहा, हमने 2021 में पीएम मोदी की ओर से जेशोरेश्वरी काली मंदिर (सतखिरा) को भेंट किए गए मुकुट की चोरी की रिपोर्ट्स देखीं। इस घटना पर हम गहरी चिंता व्यक्त करते हैं और बांग्लादेश सरकार से चोरी की जांच करने, मुकुट को बरामद करने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह करते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें