Site icon Dainik Savera Times

अक्षय तृतीया के शुभ मौके पर घटे सोने के दाम, 96,000 रुपए के नीचे आया भाव

Gold- Silver Latest Rate

Gold- Silver Latest Rate

Gold Price : अक्षय तृतीया के अवसर पर सोने की कीमतों में कमी देखने को मिली है। इस कारण 24 कैरेट सोने की कीमत फिर से 96,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के नीचे आ गई है। इंडिया बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, बुधवार को 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 322 रुपए कम होकर 95,689 रुपए हो गई है, जो कि पहले 96,011 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।

इसके अलावा, 22 कैरेट सोने की कीमत 93,390 रुपए, 20 कैरेट सोने का भाव 85,160 रुपए और 18 कैरेट सोने का रेट 77,510 रुपए है। सोने के साथ चांदी की कीमत में भी कमी देखने को मिली है। एक किलो चांदी का भाव 1,340 रुपए कम होकर 96,050 रुपए हो गया है। इससे पहले चांदी की कीमत 97,390 रुपए प्रति किलो थी।

सोने की कीमतों में कमी की वजह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कमजोरी आना है। सोना 3,322 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रहा है। अक्षय तृतीया के मौके पर पूरे देशभर में सोना खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन खरीदे गए सोने की वैल्यू में कमी नहीं आती है और इससे घर में समृद्धि बढ़ती है।

ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के प्रेसिडेंट, पंकज अरोड़ा ने कहा कि अक्षय तृतीया के अवसर पर 12,000 करोड़ रुपए की वैल्यू के 12 टन सोने की बिक्री हो सकती है। अरोड़ा ने कहा, ‘इस साल चांदी की बिक्री भी 400 टन या 4,000 करोड़ रुपए के आंकड़े को छू सकती है। ऐसे में देश में अक्षय तृतीया के मौके पर 16,000 करोड़ रुपए का कारोबार होने की उम्मीद है।‘

ब्रोकरेज फर्म वेंचुरा के मुताबिक, 2024 की अक्षय तृतीया से सोने का भाव 30 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ चुका है। वहीं, बीते छह वर्षों में सोने ने तीन गुना से ज्यादा का रिटर्न दिया है। 2019 की अक्षय तृतीया को 24 कैरेट के सोने का भाव 31,729 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

Exit mobile version