Site icon Dainik Savera Times

कनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़ नंबर-1 पर, पकड़वाने वाले को मिलेंगे करोड़ों रुपये

ओटावा: भारत और अमेरिका के बाद अब कनाडा में भी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कनाडा की पुलिस और जांच एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी है। कनाडा के BOLO प्रोग्राम ने अपनी नई टॉप-25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में गोल्डी बराड़ को पहले स्थान पर रखा है। इतना ही नहीं, उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर यानी करीब 2.33 करोड़ रुपये तक का इनाम देने का ऐलान किया गया है।

यह इनाम 2 नवंबर 2027 तक दिया जा सकता है। कनाडा की एजेंसियों ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी को गोल्डी बराड़ के ठिकाने या उससे जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे।

BOLO प्रोग्राम ने 19 नवंबर को जारी की नई सूची
कनाडा के BOLO प्रोग्राम ने 19 नवंबर 2026 को गोल्डी बराड़ को लेकर यह घोषणा की। इस प्रोग्राम का मकसद देश के मोस्ट वांटेड अपराधियों को पकड़ने में आम लोगों की मदद लेना है। इसकी नई सूची में गोल्डी बराड़ को सबसे ऊपर रखा गया है। गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है। कनाडा की पुलिस को उसकी तलाश 2023 में हुई एक हत्या के मामले में है।

पुलिस के मुताबिक, गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी करवाने वाली जानकारी देने पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम दिया जाएगा। यह जानकारी ऐसी होनी चाहिए, जिससे कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके। इस मामले में उसके साथी करनबीर सिंह पर भी इनाम घोषित किया गया है।

विन्निपेग में सुखदूल सिंह गिल की हत्या का आरोप
गोल्डी बराड़ पर कनाडा के विन्निपेग शहर में रहने वाले सुखदूल सिंह गिल की हत्या में शामिल होने का आरोप है। सुखदूल सिंह की उम्र 39 साल थी। पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2023 की सुबह करीब 10 बजे विन्निपेग के उत्तर-पश्चिमी इलाके में स्थित हेजलटन ड्राइव के एक घर में गोलीबारी हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल मृत अवस्था में मिले।

इसके बाद विन्निपेग पुलिस की होमिसाइड यूनिट ने हत्या के मामले की जांच शुरू की। इस जांच में रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP), मैनिटोबा जस्टिस और दूसरी जांच एजेंसियों ने भी सहयोग किया। काफी समय तक जांच चलने के बावजूद पुलिस को दोनों आरोपियों का पता नहीं चल पाया। अब कनाडा पुलिस ने उनकी तलाश तेज करते हुए उन्हें मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल किया है।

गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह के खिलाफ जारी हुए गिरफ्तारी वारंट
इस हत्या के मामले में 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और उसके साथी करनबीर सिंह के खिलाफ आरोप तय करने की मंजूरी दी गई थी। दोनों पर फर्स्ट डिग्री मर्डर यानी पहली श्रेणी की हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी कर दिए। कनाडा पुलिस के मुताबिक, गोल्डी बराड़ की उम्र 32 साल और करनबीर सिंह की उम्र 26 साल है। दोनों के खिलाफ पूरे कनाडा में गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं।

पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि दोनों आरोपी हथियारों से लैस हो सकते हैं और खतरनाक हैं। इसलिए अगर किसी व्यक्ति को उनके बारे में कोई जानकारी मिलती है तो वह खुद उनसे संपर्क करने या उनके पास जाने की कोशिश न करे। इसकी जानकारी सीधे पुलिस को दे।

अमेरिका में भी गोल्डी बराड़ पर 10 लाख डॉलर का इनाम
कनाडा से पहले अमेरिका में भी गोल्डी बराड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। 7 जुलाई 2026 को अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के नतीजों की जानकारी दी थी। इस कार्रवाई के दौरान सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध गिरोह में कथित भूमिका को लेकर आरोपी बनाया गया था। अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, गोल्डी बराड़ पर ब्रिटिश कोलंबिया में एक प्रमुख भारतीय हस्ती की हत्या से जुड़े मामले में भी आरोप हैं।

अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने भी गोल्डी बराड़ को अपनी टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक का इनाम देने का ऐलान किया गया है। इस तरह गोल्डी बराड़ पर अमेरिका और कनाडा दोनों देशों में इनाम घोषित किया जा चुका है।

कनाडा पुलिस का सख्त संदेश- हिंसा करने वालों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
इस मामले को लेकर विन्निपेग पुलिस के डिप्टी चीफ कैम मैककिड ने कहा कि कनाडा की कानून प्रवर्तन एजेंसियां देश के शहरों और आम लोगों को हिंसा से सुरक्षित रखने के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि कनाडा में इस तरह की हिंसा को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस और जांच एजेंसियां ऐसे अपराधों को रोकने और आरोपियों को पकड़ने के लिए अपनी कार्रवाई जारी रखेंगी। विन्निपेग पुलिस ने लोगों से गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह के बारे में जानकारी देने की अपील की है।

Exit mobile version