Gopal Khemka murder case : बिहार पुलिस ने उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या की जांच तेज कर दी है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने इस पर अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड की हर संभव एंगल से जांच की जा रही है और पुलिस मामले को सुलझाने के काफी करीब पहुंच गई है। डीजीपी ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। हम मामले के काफी करीब पहुंच चुके हैं। एक-दो दिन में पूरा मामला सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि पटना के बांकीपुर क्लब के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, लेकिन वहां सीसीटीवी बैकअप उपलब्ध नहीं है।
हमलावर की नहीं हो सकी पहचान-
इससे पहले रविवार को डीजीपी ने कहा था कि पटना और वैशाली जिले में रातभर छापेमारी की गई। पुलिस टीमों ने कई ठिकानों पर छापेमारी की है और एक दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के अलावा शहर के अन्य इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपी की मोटरसाइकिल को ट्रैक किया गया है। हालांकि, हमलावर ने हेलमेट पहना हुआ था, जिसके कारण अभी तक उसके चेहरे की पहचान नहीं हो सकी है।
ये है मामला-
आपको बता दें कि शुक्रवार (4 जुलाई) की देर रात अज्ञात अपराधियों ने पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित रामगुलाम चौक के पास व्यवसायी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी को इस मामले में जल्द से जल्द ठोस नतीजे पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। इस मामले में पुलिस की सभी खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय कर दिया गया है।
व्यवसायियों ने की मांग-
इस हत्या से व्यवसायी समुदाय में भारी आक्रोश है। व्यवसायियों ने सरकार से हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

