Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाराष्ट्र में UCC नहीं, हिंदू सिविल कोड लागू करने की तैयारी कर रही सरकार: असदुद्दीन ओवैसी

November 10, 2026

महाराष्ट्र में UCC नहीं, हिंदू सिविल कोड लागू करने की तैयारी कर रही सरकार: असदुद्दीन ओवैसी

मुंबई: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा और इसे ‘हिंदू सिविल कोड’ करार दिया। साथ ही, उन्होंने अयोध्या दौरे को लेकर अखिलेश यादव से सवाल पूछे और समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना को खारिज कर दिया।

ओवैसी ने कहा- सरकार ने यूसीसी लागू करने के लिए लोगों से राय मांगी
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने यूसीसी लागू करने के लिए लोगों से राय मांगी है और कमेटी गठित की है। देवेंद्र फडणवीस की सरकार ने जो प्रश्नावली तैयार की है, उससे यह साफ स्पष्ट होता है कि देवेंद्र फडणवीस की सरकार यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करेगी। इसमें जो सवाल पूछे गए हैं, वे एक तरह से ‘लीडिंग सवाल’ (यानी किसी खास जवाब की ओर इशारा करने वाले सवाल) हैं, जैसे बहुविवाह और बिना अदालत के तलाक लेकिन ‘हिंदू अविभाजित परिवार’ के बारे में एक सवाल नहीं पूछा गया। इससे साफ होता है कि गुजरात, उत्तराखंड, असम और मध्य प्रदेश की तरह महाराष्ट्र में भी यूसीसी नहीं बल्कि ‘हिंदू सिविल कोड लागू’ करेंगे। यही कारण है कि यूसीसी के लिए गठित राज्य सरकार की तरफ से जो कमेटी है, उसमें एक भी मुस्लिम नहीं है।

ओवैसी ने आगे कहा कि यूसीसी सिर्फ इसीलिए लाया जा रहा है कि मुसलमान को उनके धर्म के हिसाब से चलने के लिए रोक दिया जाए। इस्लाम में शादी जन्मों-जन्मों का साथ नहीं है। इस्लाम में औरत को शादी से बाहर निकलने का खुला अधिकार है। आपकी जो सोच है कि अगर एक बार शादी हो गई तो कम से कम 1 साल तक रिश्ते में बने रहना है। इसीलिए मैं कहता हूं कि यह यूसीसी नहीं, हिंदू मैरिज एक्ट है।

ओवैसी ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, “पहले तो अपने वक्फ कानून लाकर हमसे हमारी मस्जिद और जमीन छीनी। हिंदू धर्म में माता-पिता अपनी पूरी संपत्ति किसी एक औलाद को दे सकते हैं। इस्लाम में ऐसा नहीं कर सकते हैं। यूसीसी के जरिए मुसलमान को निशाना बनाने की कोशिश हो रही है।”

ओवैसी ने अखिलेश के अयोध्या दौरे को लेकर भी साधा निशाना
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर ओवैसी ने कहा, “समाजवादी पार्टी के वे सभी मुस्लिम सांसद और विधायक क्या करेंगे, जिनके पिता बाबरी मस्जिद मामले में जेल गए थे? खैर, मैं फिल्म ‘शोले’ का वह डायलॉग तो नहीं बोल सकता कि ‘अब तुम्हारा क्या होगा?’ अब जवाब तो उन्हें ही देना है।” समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन पर ओवैसी ने कहा, “आप हमेशा ‘हाथ’ (कांग्रेस) और ‘साइकिल’ (सपा) की ही बात क्यों करते हैं, खासकर आज के दौर में? देखिए, जब हम 5जी से भी आगे बढ़ रहे हैं और अब इंटरनेट सैटेलाइट के जरिए आने वाला है, ऐसा हो ही रहा है, है ना? तो फिर आप भविष्य की ओर क्यों नहीं देखते?” यूपी चुनावों पर एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा, “अब्दुल कब तक पंचर बनाता रहेगा? साइकिल पंचर हो गई, आपने ही उसे पंचर किया था, तो अब उसे पीछे छोड़ दीजिए।

महाराष्ट्र हो या उत्तर प्रदेश, हर जाति की अपनी राजनीतिक हैसियत होती है, अपना राजनीतिक नेतृत्व होता है, कम से कम राजनीतिक नेतृत्व जैसा कुछ तो होता ही है। भारत में मुसलमान इकलौता ऐसा समुदाय है, जिसे 60 सालों से बस यही कहा गया है कि ‘वोट डालो और चुपचाप घर जाकर बैठ जाओ।’ हम कह रहे हैं कि अब हम यह खामोशी और बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमें बैंड बाजा का पार्टी बना दिया। हम बैंड वाले नहीं, दूल्हा-दूल्हन बनेंगे।”

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें