Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिवंगत मुख्यमंत्री ओमान चांडी को यौन उत्पीड़न मामले में फंसाने की साजिश पर सरकार चर्चा के लिए तैयार

September 11, 2023

दिवंगत मुख्यमंत्री ओमान चांडी को यौन उत्पीड़न मामले में फंसाने की साजिश पर सरकार चर्चा के लिए तैयार

तिरुवनंतपुरम: केरल सरकार ने सोमवार को सौर पैनल घोटाले के संबंध में यौन उत्पीड़न के एक मामले में दिवंगत मुख्यमंत्री ओमान चांडी को फंसाने की कथित रूप से साजिश रचे जाने के मुद्दे पर विधानसभा में चर्चा के लिए सहमति जताई। कांग्रेस नीत विपक्षी यूडीएफ ने सदन की कार्यवाही को स्थगित करने और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की हालिया रिपोर्ट के मद्देनजर मामले को उठाने की मांग करने वाला नोटिस दिया था, जिस पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन मुद्दे पर चर्चा के लिए सहमत हुए।

मामले की जांच कर रही सीबीआई ने कुछ राजनीतिक नेताओं के नाम लिए हैं, जो चांडी के खिलाफ एक महिला द्वारा लगाए गए कथित आरोपों के पीछे थे। मामले में शामिल महिला इस सनसनीखेज सौर पैनल घोटाले की मुख्य आरोपी भी है। सदन में मुद्दे पर चर्चा के लिए हामी भरते हुए विजयन ने कहा कि मामले पर किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देना संभव नहीं होगा क्योंकि सीबीआई ने रिपोर्ट को मजिस्ट्रेट के समक्ष दाखिल किया है और सरकार को अभी तक आधिकारिक रूप से रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आधिकारिक रूप से रिपोर्ट प्राप्त किए बिना सरकार अखबारों में छपे लेखों के आधार पर कोई कदम नहीं उठा सकती।

उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता के अनुरोध पर जांच सीबीआई को सौंपी जा चुकी है। सरकार द्वारा मामले पर चर्चा के लिए सहमति जताई जाने के बाद अध्यक्ष ए.एन. शमसीर ने कहा कि मामले को सदन में एक बजे उठाने की अनुमति दी जाएगी। कांग्रेस नीत विपक्षी यूडीएफ ने जांच की मांग की थी ताकि पता लगाया जाए कि कथित साजिश के पीछे कौन है। विपक्ष ने मांग की थी कि दिवंगत कांग्रेस नेता के खिलाफ साजिश रचने के दोषी पाए जाने वालों को न्याय के कटघरे में लाया जाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें