Site icon Dainik Savera Times

सरकार सुनिश्चित करें कि किसी क्षेत्र में कुछ कॉरपोरेट समूहों का न हो एकाधिकार : Jairam Ramesh

Prime Minister-Home Minister

नई दिल्ली : कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कॉरपोरेट समूहों के बीच प्रतिस्पर्धा की स्थिति बनी रहे और किसी भी क्षेत्र में किसी एक समूह का एकाधिकार स्थापित नहीं हो तथा अधिग्रहण स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से किया जाए। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह सुनिश्चत करना भी जरूरी है कि सत्ता तक पहुंच के चलते किसी को अनुचित लाभ नहीं मिले।

उनकी यह टिप्पणी अडाणी समूह द्वारा दक्षिण भारत में सीमेंट क्षेत्र में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करते हुए ‘पेन्ना सीमेंट्स’ का अधिग्रहण किए जाने के बाद आई है। रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, कि ‘आप क्रोनोलॉजी समझिएं। सितंबर 2022 में अडाणी ने अंबुजा सीमेंट और एसीसी का अधिग्रहण किया, जिससे वह देश की दूसरी सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी बन गई। अगस्त 2023 में अडाणी ने सांघी इंडस्ट्रीज का अधिग्रहण किया। जून 2024 में अडाणी ने ‘पेन्ना सीमेंट्स’ का अधिग्रहण किया।’’

उन्होंने रिजर्व बैंक के पूर्व डिप्टी गवर्नर विरल आचार्य का हवाला देते हुए कहा कि प्रसिद्ध वित्तीय अर्थशास्त्री ने इस बात को पुष्ट किया था कि अडाणी सहित पांच बड़े समूह सीमेंट क्षेत्र सहित 40 क्षेत्रों में एकाधिकार स्थापित कर रहे हैं। रमेश ने कहा कि सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी क्षेत्र में कुछ कॉरपोरेट समूहों का एकाधिकार स्थापित नहीं हो।

Exit mobile version