
नई दिल्लीः दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में छठ महापर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पवित्र त्योहार का आज यानी 15 नवंबर को तीसरा दिन है। इस मौके पर लाखों श्रद्धालुओं ने छठ घाटों और नदियों के किनारे पहुंचकर डूबते हुए सूर्य देव को पहला अर्घ्य दिया। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हर तरफ छठी मैया के गीत, पूजा-पाठ और भक्ति का माहौल नजर आया।
दिल्ली के आईटीओ घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
राजधानी दिल्ली में इस बार छठ पूजा को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। इसका नजारा आईटीओ स्थित छठ घाट पर देखने को मिला। यहां करीब एक लाख श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे। व्रत रखने वाले लोगों ने गंगा जल और पूजा सामग्री के साथ डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
#WATCH | दिल्ली | छठ महापर्व के तीसरे दिन ‘संध्या अर्घ्य’ पर दिल्ली के ITO घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए एकत्रित हुए। https://t.co/y8fS5A5Pl0
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 15, 2026
घाट पर महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों की बड़ी संख्या में मौजूदगी देखने को मिली। लोग अपने परिवार के साथ फल, फूल, सूप और पूजा का अन्य सामान लेकर घाटों पर पहुंचे। शाम होते ही पूरा घाट रोशनी और भक्ति के रंग में रंग गया।
दिल्ली में बनाए गए 1400 से ज्यादा छठ घाट
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दिल्ली में इस बार 1400 से अधिक छठ घाट तैयार किए गए हैं। इन घाटों पर साफ-सफाई, पूजा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए गए हैं।
शहर के अलग-अलग इलाकों में बने घाटों पर बड़ी संख्या में लोग पूजा करने पहुंचे। लोगों में इस बार छठ महापर्व को लेकर पहले से ज्यादा उत्साह दिखाई दिया। मान्यता है कि छठ पूजा में सूर्य देव की आराधना करने से जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आती है।
कई व्रती दंडवत करते हुए पहुंचे छठ घाट
छठ पूजा के तीसरे दिन शाम को डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाता है। इसे संध्या अर्घ्य कहा जाता है। इस दौरान व्रती पूरे विधि-विधान से सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करते हैं।दिल्ली के कई छठ घाटों पर ऐसे श्रद्धालु भी पहुंचे, जो अपने घर से घाट तक पूरे रास्ते दंडवत करते हुए आए। उनकी इस कठिन आस्था को देखकर आसपास मौजूद लोग भी भावुक नजर आए। कई लोगों ने दंडवत कर रहे व्रतियों को छूकर प्रणाम किया और उनका आशीर्वाद लिया।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा छठ महापर्व का समापन
छठ पूजा के चौथे और आखिरी दिन यानी कल सुबह श्रद्धालु उगते हुए सूर्य देव को अर्घ्य देंगे। इसे उषा अर्घ्य कहा जाता है। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का समापन हो जाएगा। सुबह-सुबह व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचेंगे और सूर्य देव को अर्घ्य देकर अपने परिवार की खुशहाली, अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना करेंगे। इसके बाद व्रती अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलेंगे।