
West Bengal Budget 2026: पश्चिम बंगाल सरकार ने विधानसभा में अपना पहला बजट पेश किया। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य “विकसित भारत और विकसित बंगाल” बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में चल रही सभी सामाजिक कल्याण योजनाएं पहले की तरह जारी रहेंगी और इनमें कोई कटौती नहीं की जाएगी।
बजट में सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया गया है। इसके अलावा युवाओं के लिए भी बड़ा फैसला लेते हुए सरकार ने एक लाख नई नौकरियां देने की घोषणा की है। इन नौकरियों में 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। सरकार हासीमारा एयर फोर्स स्टेशन को 25 एकड़ और कलाईकुंडा एयर फोर्स स्टेशन को 37 एकड़ अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराएगी। वहीं कोलकाता के पास कल्याणी क्षेत्र में 1000 से 1500 एकड़ भूमि चिन्हित कर एक नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा।
इसके अलावा पुरुलिया, बालुरघाट और मालदा में नए हवाई अड्डों के निर्माण की योजना बनाई गई है। कूचबिहार एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण पर भी काम किया जाएगा। बढ़ती बिजली की मांग को देखते हुए सरकार ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत नए थर्मल पावर स्टेशन स्थापित करने की योजना की घोषणा की है, ताकि भविष्य में बिजली संकट से बचा जा सके।
कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्य में जल्द ही आपातकालीन हेल्पलाइन सेवा “डायल 112” शुरू की जाएगी। साथ ही कांथी क्षेत्र को नया पुलिस जिला बनाया जाएगा। लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न इलाकों में नई नगरपालिकाएं और फायर स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे। तकनीक और डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर विशेष ध्यान देने की बात कही है। राज्य में डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड परियोजना लागू की जाएगी। परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली और डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन का मजबूत ढांचा तैयार किया जाएगा।
संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ने अहम घोषणा की है। कोलकाता में एक नया सांस्कृतिक विद्यालय स्थापित किया जाएगा, जहां कला और संस्कृति से जुड़ी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायकों को मिलने वाले MLA फंड को 70 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
बजट पेश करने से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और वित्त मंत्री स्वपन दास गुप्ता ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस बार बजट दस्तावेजों को रखने के लिए बंगाल की पारंपरिक चटाई (मैट) और जूट से बनी पर्यावरण-अनुकूल फाइलों का उपयोग किया गया, जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाता है। कुल मिलाकर, पश्चिम बंगाल सरकार के इस बजट में सरकारी कर्मचारियों को राहत, युवाओं के लिए रोजगार, बुनियादी ढांचे का विस्तार, तकनीकी विकास और सामाजिक योजनाओं को जारी रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...