Site icon Dainik Savera Times

Gujarat : कथित जहरीला पेय पदार्थ पीने से 3 लोगों की मौत

Gujarat

Gujarat

नडियाद : Gujarat में खेड़ा जिले के नडियाद शहर में कथित तौर पर जहरीला पेय पदार्थ पीने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। रविवार शाम को नडियाद के जवाहर नगर इलाके में तीन लोगों ने ‘जीरा’ नामक बोतलबंद पेय पदार्थ पीया जिसके बाद वह बीमार पड़ गए। पुलिस उपाधीक्षक वीआर वाजपेयी ने बताया कि उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘शाम साढ़े छह से सात बजे के बीच तीनों लोगों को चक्कर आने की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब आठ बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया पता चला है कि कोई बोतलबंद पेय पदार्थ पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी।’’ अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक जांच के लिए रक्त के नमूने एकत्र किए गए हैं।

पुलिस ने फिलहाल दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है और जांच कर रही है। नवंबर 2023 में खेड़ा जिले में एक किराने की दुकान पर बेचे गए आयुव्रेदिक सिरप पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी। इस सिरप में मेथिल अल्कोहल था। गुजरात में शराब पर प्रतिबंध है इसलिए यहां के लोग नशे के लिए ऐसे पेय पदार्थों का सेवन करते हैं।

Exit mobile version