Site icon Dainik Savera Times

Gujarat: पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 8 लोगों की मौत, 15 घायल; धमाकों से दहल उठा इलाका

Gujarat: 8 people killed in massive fire at a firecracker factory

Gujarat: 8 people killed in massive fire at a firecracker factory

नेशनल डेस्क: गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, आग मेहमदपुरा स्थित टैलेंट पटाखा फैक्टरी में लगी। आग लगने के बाद फैक्टरी में रखे पटाखों और अन्य विस्फोटक सामग्री में लगातार धमाके होने लगे। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग से उठता धुएं का घना गुबार कई सौ मीटर ऊपर तक दिखाई दिया, जिसे दूर-दूर से भी देखा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा रामोल-गात्राड रोड स्थित फैक्टरी में हुआ। फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।

बिना लाइसेंस चल रही थी फैक्टरी

जेपीसी क्राइम ब्रांच के अधिकारी शरद सिंघल ने बताया कि हादसे के समय फैक्टरी में करीब 15 लोग काम कर रहे थे। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि फैक्टरी बिना लाइसेंसके संचालित की जा रही थी। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिना लाइसेंस फैक्टरी कैसे चल रही थी और सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी। हादसे में घायल लोगों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रधानमंत्री ने जताया दुख, राहत राशि का ऐलान 

इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया कि इस दुखद हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है। साथ ही बताया गया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

Exit mobile version