Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

नहीं रहे भाजपा के विधायक गोविंद परमार, बीमारी के चलते हुआ निधन

March 7, 2026

नहीं रहे भाजपा के विधायक गोविंद परमार, बीमारी के चलते हुआ निधन

नेशनल डेस्क: गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक गोविंद परमार ने बीमारी के चलते इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। वह 72 वर्ष के थे। पार्टी नेताओं के अनुसार, गोविंद परमार आणंद जिले की उमरेठ विधानसभा सीट से विधायक थे। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद भाजपा और उनके समर्थकों के बीच शोक का माहौल बन गया है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गोविंद परमार की तबीयत अचानक उनके घर पर ही बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत आणंद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका कई दिनों तक इलाज चला। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो सका और आखिरकार शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पार्टी के कई नेता और समर्थक उनके घर पहुंचने लगे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस दुखद खबर पर जगदीश विश्वकर्मा ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उमरेठ के लोकप्रिय विधायक गोविंदभाई परमार के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत नेता की आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्राप्त हो।

बता दें गोविंद परमार मध्य गुजरात के एक अनुभवी और सक्रिय नेता माने जाते थे। उनका जन्म वर्ष 1953 में हुआ था और उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में चार बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। वह वर्ष 1995, 1998, 2017 और 2022 में गुजरात विधानसभा के लिए चुने गए। करीब 30 साल पहले उन्होंने पहली बार राजनीति में बड़ी जीत हासिल की थी, जब वह आणंद जिले की सरसा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद 1998 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर सरसा सीट से जीत दर्ज की और अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की। हालांकि बाद के चुनावों में हार का सामना करने के बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। साल 2008 में सरसा विधानसभा क्षेत्र का पुनर्गठन किया गया और इसे उमरेठ विधानसभा क्षेत्र में शामिल कर दिया गया। 2012 के चुनाव में उन्हें हार मिली, लेकिन इसके बाद 2017 और 2022 के चुनावों में उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार के रूप में उमरेठ सीट से जीत हासिल कर एक बार फिर अपनी मजबूत राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई।

Video: मौसम का नया मिजाज, 7 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें