नेशनल डेस्क: गुजरात के भरूच जिले के पानोली GIDC में रविवार तड़के एक खतरनाक आग लगने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बता दें कि यह घटना पानोली स्थित संगवी ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड नामक केमिकल कंपनी में हुई। जिससे आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
10 से ज्यादा दमकल वाहन मौके पर पहुंचे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें और धुएं के काले गुबार कई किलोमीटर दूर से देखे जा सकते थे। आग की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। अभी तक आग पूरी तरह से बुझाई नहीं जा सकी है, लेकिन उसे फैलने से रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
#WATCH | Gujarat: A massive fire broke out in a company at Panoli GIDC in Bharuch. More than 15 fire tenders present at the spot to bring the fire under control. No casualties and injuries reported.
(Video Source: Panoli GIDC security agency) pic.twitter.com/js7zglDGi3
— ANI (@ANI) September 14, 2025
आस-पास के गांवों में मची दहशत
पानोली GIDC के नजदीक स्थित संजाली गांव में इस आग की घटना के बाद दहशत का माहौल फैल गया। किसी प्रकार की विषैली गैस के रिसाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर घर खाली करने के निर्देश भी दिए हैं। हालांकि अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं। फायर विभाग और GIDC प्रबंधन द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग किस कारण से लगी।

