
Gujarat Food Poisoning Cases : दाहोद: गुजरात के दाहोद जिले के एक गांव में शादी की खुशी अचानक डर और अफरा-तफरी में बदल गई। शादी की दावत खाने के बाद 400 से ज्यादा लोग एक साथ बीमार पड़ गए। बताया जा रहा है कि गांव के करीब 70% लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।
दावत के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
शाम करीब 6 बजे शादी का खाना शुरू हुआ था। लोगों ने दाल, चावल, पापड़, जूस, पनीर की सब्ज़ी और अन्य पकवान खाए। लेकिन रात करीब 11 बजे के बाद एक-एक करके लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। कई लोगों को उल्टी, दस्त और चक्कर आने लगे, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
सभी को अस्पतालों में कराया गया भर्ती
स्थिति गंभीर होते ही मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। 50 से ज्यादा मरीजों को ज़ाइडस अस्पताल में भर्ती कराया गया। 150 से ज्यादा लोगों का इलाज अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में चल रहा है। करीब 200 लोगों का इलाज गांव में ही डॉक्टरों द्वारा किया गया। मरीजों को 108 एंबुलेंस, प्राइवेट गाड़ियों और जो भी साधन मिले, उनसे अस्पताल पहुंचाया गया।
गांव में मची अफरा-तफरी
इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हर तरफ लोग अपने परिजनों को अस्पताल ले जाने में जुटे हुए थे। हालात को संभालने के लिए गांव में मौजूद डॉक्टरों और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ को तुरंत बुलाया गया।
जांच में जुटा फूड और हेल्थ विभाग
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक, स्वास्थ्य विभाग और फूड विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अब यह जांच की जा रही है कि आखिर किस खाने की वजह से फूड पॉइजनिंग हुई। शुरुआती अंदाजा है कि आम का जूस या पनीर की सब्ज़ी खराब हो सकती है, लेकिन असली कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
शादी का सीजन…
बताया जा रहा है कि इलाके में इस समय शादियों का सीजन और लोकल चुनाव का माहौल चल रहा है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के लिए खाना बनाया जा रहा है। लेकिन इस घटना ने खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...