Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

अहमदाबाद विमान हादसा : अमित शाह ने एकमात्र जीवित बचे यात्री से की बातचीत

June 12, 2025

अहमदाबाद विमान हादसा : अमित शाह ने एकमात्र जीवित बचे यात्री से की बातचीत

अहमदाबाद: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई171 के दुर्घटनाग्रस्त होने को एक राष्ट्रीय त्रसदी बताया। उन्होंने हादसे में हुई जान-माल की हानि पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को आश्वासन दिया कि सरकार उनका पूरा सहयोग करेगी।

अमित शाह ने अहमदाबाद के असरवा स्थित सिविल अस्पताल का दौरा किया और हादसे में एकमात्र जीवित बचे यात्री और अन्य पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बचाव कार्यों की निगरानी करने तथा जांच में समन्वय स्थापित करने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रलय, गृह मंत्रलय तथा गुजरात सरकार के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की।

प्रेस ब्रीफिंग में उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना ने हम सभी को झकझोर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुरंत संपर्क किया और भारत सरकार के सभी संबंधित विभाग गुजरात सरकार के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हैं। घटना के तुरंत बाद गुजरात सरकार ने स्वास्थ्य विभाग, फायर ब्रिगेड, पुलिस विभाग, और भारत सरकार की सीएपीएफ इकाइयों को भी शामिल करते हुए आपदा प्रबंधन की सभी इकाइयों को अलर्ट कर दिया और सभी मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुट गए।

हताहतों की संख्या के बारे में जानकारी देते हुए शाह ने कहा कि विमान में 230 यात्री सवार थे, जिनमें भारतीय नागरिक और विदेशी नागरिक, साथ ही 12 चालक दल के सदस्य भी शामिल थे। इस त्रसदी के बीच, मुझे कुछ उम्मीद भरी खबर मिली है, एक यात्री बच गया है। मैंने व्यक्तिगत रूप से उससे मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि मृतकों की औपचारिक पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए पहचान का कार्य चल रहा है। जिन यात्रियों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं, उनके डीएनए नमूने लेने की प्रक्रिया भी अगले 2-3 घंटों में पूरी हो जाएगी। जिनके परिजन विदेश में हैं, उन्हें सूचना दी जा चुकी है और उनके पहुँचते ही उनके डीएनए नमूने लिए जाएंगे। घटना की भयावहता पर शाह ने कहा कि विमान के गिरने के बाद आग इतनी तीव्र हो गई थी कि कुछ भी बचाने का कोई अवसर नहीं था ।मलबा चारों ओर फैल गया, जिससे तत्काल बचाव कार्य अत्यंत कठिन हो गया।

इससे पहले एक एक्स पोस्ट में अमित शाह ने पीड़ा व्यक्त करते हुए लिखा, ‘अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे से मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत तैनात किया गया। मैंने स्थिति का पूरा जायजा लेने के लिए गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, राज्य के गृह मंत्री श्री हर्ष संघवी और पुलिस कमिश्नर से बात की है।‘

ये भी पढ़ें- बादशाह के ‘टटीरी’ सॉन्ग पर हरियाणा पुलिस सख्त, सोशल मीडिया पर गाने से जुड़े 857 लिंक हटाए

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें