Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका में गुजराती युवती की गोली मारकर हत्या, परिवार में छाया मातम

America Crime News,Meghna Patel

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय के एक गुजराती युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवती की पहचान गुजरात के मेहसाणा जिले की रहने वाले के रूप में हुई है। इस घटना ने विदेशों में बसे भारतीयों को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात स्टोर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

मेहसाणा की रहने वाली थीं मेघना पटेल
मृतक युवती की पहचान मेघना पटेल के रूप में हुई है। वह गुजरात के मेहसाणा जिले की विजापुर तालुका के जंत्राल गांव की रहने वाली थीं। पिछले करीब 10 सालों से वह अमेरिका में रह रही थीं और वहीं एक स्टोर में काम करती थीं। परिवार के मुताबिक मेघना मेहनती और शांत स्वभाव की थीं। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव और परिवार में मातम छा गया।

ग्राहक बनकर स्टोर में घुसा हमलावर
घटना के समय मेघना स्टोर में काम कर रही थीं। तभी एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ। CCTV फुटेज में देखा गया कि आरोपी ने ट्रैकसूट, जैकेट, दस्ताने, चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहन रखी थी। उसका चेहरा पूरी तरह ढका हुआ था और सिर्फ आंखें दिखाई दे रही थीं, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया।

कुछ सेकंड बात करने के बाद चलाई गोलियां
फुटेज के अनुसार, आरोपी ने पहले मेघना से कुछ सेकंड तक बातचीत की। इसके बाद अचानक उसने पिस्तौल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले में मेघना गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली लगने के बाद वह वहीं गिर पड़ीं। घटना के बाद आरोपी ने काउंटर पर रखा कुछ सामान उठाया और मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
गोली लगने के बाद मेघना को तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद स्थानीय भारतीय समुदाय में डर का माहौल है। लोग लगातार अमेरिका में बढ़ रही ऐसी घटनाओं पर चिंता जता रहे हैं।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
अमेरिकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि हमला लूट के इरादे से किया गया हो सकता है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों के कैमरों की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

 

Exit mobile version