जूनागढ़ः गुजरात के जूनागढ़ जिले में शनिवार तड़के एक कार के खड़े ट्रक से टकरा जाने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। जूनागढ़ तालुका पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना मजेवड़ी गांव के पास उस समय हुई, जब बनासकांठा जिले का रहने वाला यह परिवार अपने एक रिश्तेदार की अस्थियां विसर्जित करने कार से सोमनाथ जा रहा था।
उन्होंने बताया कि चारों घायलों में से दो की हालत गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए जूनागढ़ के सिविल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस टीम पहुंच गई। इसके तुरंत बाद बचाव कार्य में जुट गई। वहीं, सूचना देने पर 108 इमरजेंसी एम्बुलेंस की टीम भी कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू टीम ने भारी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिया जिला अस्पताल भिजवा दिया। फिलहाल मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

