Site icon Dainik Savera Times

वाराणसी एयरपोर्ट पर पिस्तौल से चली गोली, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Hijack alert Air India flight

Hijack alert Air India flight

गोली लगने से एयर इंडिया के दो यात्री घायल

यूपी डेस्कः वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट पर हथियार की जांच के दौरान एक यात्री की पिस्तौल से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। घायल दोनों लोग एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच का काम करने वाली AAICLAS के स्क्रीनर बताए गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यात्री पत्नी के साथ मुंबई जा रहा था
जानकारी के मुताबिक, यात्री आजमगढ़ का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट IX-1810 से वाराणसी से मुंबई जाने वाला था। यात्री के पास एक पिस्तौल और उसकी मैगजीन थी। बताया गया है कि यात्री ने हथियार और मैगजीन के बारे में जानकारी भी दी थी। इसके बाद एयरपोर्ट पर हथियार की जांच की जा रही थी।

अचानक चल गई गोली
हथियार की जांच के दौरान अचानक पिस्तौल से एक राउंड फायर हो गया। गोली पहले जमीन से टकराई और इसके बाद पास में मौजूद दो लोगों को जा लगी। इस घटना से एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

महिला एयरपोर्ट कर्मचारी के घायल होने की भी जानकारी
घटना में एक महिला एयरपोर्ट कर्मचारी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घायलों की हालत गंभीर नहीं है और सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली और जांच के दौरान सुरक्षा प्रक्रिया में क्या हुआ। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से घटना की पुष्टि करते हुए बताया गया है कि हथियार की जांच के दौरान यात्री से गलती से एक राउंड फायर हुआ था। मामले की जांच जारी है।

 

Exit mobile version