Site icon Dainik Savera Times

गुरुग्राम हिट एंड रन मामले में आरोपी कल्याण बैंसला गिरफ्तार, FIR में हत्या की कोशिश की धारा जोड़ी गई

gurugram-hit-and-run-case-accused-kalyan-bainsla-arrested

gurugram-hit-and-run-case-accused-kalyan-bainsla-arrested

गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया को कथित तौर पर कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे राजस्थान के दौसा से पकड़ा है। आरोपी को जल्द ही गुरुग्राम लाया जाएगा।मामले की जांच के दौरान गुरुग्राम पुलिस ने FIR में BNS की धारा 109 भी जोड़ दी है। यह धारा हत्या की कोशिश से जुड़ी है और इसमें 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद दर्ज हुई FIR

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को सोशल मीडिया पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने का वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने वीडियो का संज्ञान लिया। इसके बाद सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने CCTV फुटेज और मामले से जुड़े दूसरे सबूतों की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने FIR में हत्या की कोशिश की धारा 109 जोड़ दी। पुलिस ने कहा है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस ने पीड़िता का बयान भी दर्ज किया

आरोपी की गिरफ्तारी से पहले सेक्टर-56 थाना प्रभारी (SHO) मनोज कुमार की टीम दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी स्थित सिया के घर पहुंची। पुलिस ने वहां पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने पहले से दर्ज FIR में नई और सख्त धाराएं जोड़ीं। इसी कार्रवाई के तुरंत बाद आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया गया।

क्या हुआ था गोल्फ कोर्स रोड पर?

यह घटना रविवार सुबह गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। सिया अपने कुछ साथी बाइक राइडर्स के साथ बाइक चला रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सिया सड़क पर गिर गईं और घायल हो गईं। आरोप है कि कार चालक मौके पर नहीं रुका और वहां से फरार हो गया। पुलिस इस मामले को संदिग्ध हिट एंड रन और रोड रेज की घटना के तौर पर देख रही है।

सिया ने लगाए गंभीर आरोप

सिया का आरोप है कि कार चालक काफी देर तक उनके आसपास गाड़ी चलाता रहा और उन्हें डराने की कोशिश करता रहा। उन्होंने बताया कि कार कई बार उनके बेहद करीब आई और चालक ने हाथों से इशारे भी किए। सिया के मुताबिक, शुरुआत में उन्होंने इस घटना को नजरअंदाज करने की कोशिश की। उनका कहना है कि कार पहले उनके बेहद करीब से तेज गति से निकली। इसके बाद कार धीमी हुई और उनके पीछे चलने लगी। आरोप है कि कुछ देर बाद कार सिया की बाइक के बराबर में आ गई। चालक ने उन्हें रोकने के लिए इशारे किए। सिया ने कहा कि इस दौरान वह डर गई थीं।

लेन बदलकर बाइक को टक्कर मारने का आरोप

सिया के मुताबिक, उन्होंने कार से दूरी बनाए रखने की कोशिश की। जब उन्हें लगा कि कार उनकी बाइक के करीब आ रही है या उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश कर रही है, तो उन्होंने अपनी बाइक की रफ्तार थोड़ी बढ़ा दी। इसी दौरान उनके पीछे चल रहा एक साथी राइडर उनकी मदद के लिए उनके पास आया। आरोप है कि इसी अफरा-तफरी के बीच एक दूसरी गाड़ी सामने आ गई, जिससे सिया को बाइक धीमी करनी पड़ी। सिया का आरोप है कि तभी कार चालक पहली लेन से अचानक तीसरी लेन में आया और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह गिर गईं।

साथी राइडर ने रोकने की कोशिश की, लेकिन कार चालक भाग गया

सिया ने बताया कि उनके एक साथी बाइक राइडर ने कार चालक को रोकने की कोशिश की। उसने चालक से रुकने और अपनी गलती मानने के लिए कहा। हालांकि, सिया के मुताबिक, चालक ने गलती मानने से इनकार कर दिया और उल्टा उन्हें ही जिम्मेदार बताने लगा। इसके बाद उसने कथित तौर पर रेड लाइट पार की, बाएं मुड़ा और मौके से फरार हो गया। सिया ने यह भी आरोप लगाया कि कार में एक से ज्यादा लोग मौजूद थे। कार की खिड़कियों पर टिंट होने के कारण वह अंदर बैठे लोगों की संख्या ठीक से नहीं देख पाईं।

पुलिस ने कहा- दोषी के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

गुरुग्राम पुलिस ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के साथ जांच तेज कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि कानून के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अब BNS की धारा 109 (हत्या की कोशिश) जुड़ने के बाद केस और गंभीर हो गया है।

Exit mobile version