Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

शेविंग के 120 रुपये, कटिंग के 180 रुपये… नाई संघ ने बढ़ाए सैलून सेवाओं के दाम

June 6, 2026

शेविंग के 120 रुपये, कटिंग के 180 रुपये… नाई संघ ने बढ़ाए सैलून सेवाओं के दाम

Haircut expensive in Maharashtra: महाराष्ट्र में अब पुरुषों को बाल कटवाने और अन्य ग्रूमिंग सेवाओं के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। राज्य के नाई समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन महाराष्ट्र नाभिक महामंडल ने सैलून सेवाओं की कीमतों में लगभग 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। नई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं।

संगठन के अनुसार, सैलून में इस्तेमाल होने वाले कई उत्पादों और सामानों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसके अलावा, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान-अमेरिका संघर्ष के कारण कई वस्तुओं की लागत भी बढ़ी है। इसी वजह से सैलून संचालकों को अपने शुल्क बढ़ाने पड़े हैं।

नई दरें क्या होंगी?

संशोधित दर सूची के अनुसार, बाल कटवाने का शुल्क 180 रुपये, शेविंग (हजामत) 120 रुपये, दाढ़ी ट्रिमिंग 150 रुपये, हेड मसाज 180 रुपये, हेयर वॉश 120 रुपये, फेशियल 700 रुपये से शुरू, हेयर स्पा 600 रुपये।

क्यों बढ़ाए गए दाम?

महाराष्ट्र नाभिक महामंडल के पदाधिकारी श्याम अस्करकर ने बताया कि आमतौर पर संगठन हर दो साल बाद जनवरी में सैलून सेवाओं की दरों की समीक्षा करता है। लेकिन इस बार बीच में ही कीमतें बढ़ानी पड़ीं क्योंकि सैलून में इस्तेमाल होने वाले शैंपू, क्रीम, हेयर केयर उत्पाद और अन्य उपभोग्य सामग्रियों के दाम काफी बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, परिचालन खर्च और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं का सीधा असर सैलून कारोबार पर पड़ा है। ऐसे में पुराने शुल्क पर काम करना मुश्किल हो रहा था।

कितने सैलून होंगे प्रभावित?

अनुमान के मुताबिक, महाराष्ट्र में एक लाख से अधिक नाई की दुकानें और सामान्य सैलून हैं। हालांकि यह फैसला केवल सामान्य सैलूनों पर लागू होगा। प्रीमियम और लक्जरी सैलून इस संगठन के दायरे में नहीं आते, जहां बाल कटवाने की कीमतें आमतौर पर 500 रुपये या उससे अधिक होती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें