Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘सिर्फ मामूली तकनीकी घटना, कोई हवाई हादसा नहीं’, तेजस विमान क्रैश की खबरों को HAL ने खारिज किया

February 23, 2026

‘सिर्फ मामूली तकनीकी घटना, कोई हवाई हादसा नहीं’, तेजस विमान क्रैश की खबरों को HAL ने खारिज किया

नई दिल्ली: लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) तेजस के क्रैश की खबरों को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी ने साफ कहा है कि तेजस का कोई क्रैश नहीं हुआ है। जिस घटना की चर्चा हो रही है, वह जमीन पर हुई एक छोटी तकनीकी दिक्कत थी, न कि हवा में हुआ कोई हादसा।

HAL का आधिकारिक बयान
स्टॉक एक्सचेंज में दी गई जानकारी में HAL ने कहा कि LCA तेजस दुनिया के आधुनिक फाइटर जेट्स में बेहतरीन सेफ्टी रिकॉर्ड रखने वाले विमानों में से एक है। कंपनी के मुताबिक, यह घटना एक “मामूली टेक्निकल इश्यू” थी और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत इसकी गहराई से जांच की जा रही है। HAL ने यह भी बताया कि वह इस मामले में भारतीय वायु सेना (IAF) के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि किसी भी तकनीकी समस्या का जल्द समाधान किया जा सके।

LCA मार्क 1A प्रोग्राम की प्रगति
हाल ही में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने LCA मार्क 1A प्रोग्राम की प्रगति के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया फिलहाल पांच इंजन उपलब्ध हैं। पांच एयरक्राफ्ट उड़ान भर रहे हैं। इंजन सप्लाई लाइन स्थिर होने के बाद उत्पादन और तेज होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय वेंडर्स और मुख्य निर्माता HAL की उत्पादन प्रक्रिया अब काफी हद तक स्थिर हो चुकी है।

ट्रायल सफल, लेकिन कुछ सुधार बाकी
रक्षा सचिव के अनुसार, हथियारों के ट्रायल सफल रहे हैं। हालांकि, वायु सेना की कुछ ऑपरेशनल जरूरतों को पूरी तरह से पूरा करने के लिए अभी और सुधार की आवश्यकता है। सरकार ने कुल 180 तेजस विमान खरीदने की योजना बनाई है। उम्मीद है कि समय के साथ सिस्टम में सुधार कर वायु सेना की सभी जरूरतों को पूरा किया जाएगा।

डिलीवरी की स्थिति
इस महीने की शुरुआत में HAL ने पुष्टि की थी कि पांच LCA Mk1A फाइटर जेट पूरी तरह डिलीवरी के लिए तैयार हैं। नौ और विमान बनाकर उड़ाए जा चुके हैं। GE से इंजन मिलने के बाद बाकी विमान भी डिलीवरी के लिए तैयार कर दिए जाएंगे। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि वह चालू वित्तीय वर्ष के लिए तय लक्ष्यों को पूरा करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें