Site icon Dainik Savera Times

UP में एक और Half Encounter, गैंगस्टर घायल, दर्ज हैं 32 मुकदमे

Half Encounter in UP : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के थाना पहासू इलाके में देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में घायल बदमाश गैंगस्टर पैना निकला जिस पर 32 मामले दर्ज हैं। इसके कब्जे से बाइक, एक तमंचा, एक कारतूस और खोखा बरामद किया गया।

जानकारी के मुताबिक, घायल हुए बदमाश का काफी लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ अलग-अलग जनपदों में कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, घायल गैंगस्टर अस्पताल में उपचाराधीन है।

पहासू पुलिस और गैंगस्टर रुपेन्द्र उर्फ पैना की अलीगढ़ रोड पर गांव सोही नगला पुलिया के पास मुठभेड़ हुई थी। इस संबंध में सीओ शिव ठाकुर ने विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस द्वारा सोही पुलिया के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के क्रम में रोका जाने का प्रयास किया गया। लेकिन, व्यक्ति द्वारा ना रुकते हुए पुलिया की तरफ भागने का प्रयास किया गया और पुलिस पर फायर किया गया। वहीं, जवाबी फायरिंग में व्यक्ति को बाएं पैर पर गोली लगी है। पूछताछ के क्रम में व्यक्ति का नाम रुपेंद्र उर्फ पैना (पुत्र मंगल सिंह) निकला जो थाना पहासू के अमोला भूपनगर का रहने वाला है। यह व्यक्ति 236/ 24 गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘आपराधिक इतिहास खंगालने पर इस व्यक्ति के खिलाफ पहले भी चोरी लूट और अन्य गंभीर अपराध पंजीकृत हैं। मेडिकल के लिए सीएससी पासू एडमिट कराया गया है। अभी प्रकरण की जांच जारी है।’’

Exit mobile version