Site icon Dainik Savera Times

Hardoi : युवती ने पेट्रोल पंप कर्मचारी पर तानी रिवॉल्वर, बोली-इतनी गोली मारुंगी कि घर लोग पहचानने से मना कर देंगे

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब सीएनजी को लेकर हुए विवाद में एक युवती ने पेट्रोल पंप कर्मचारी पर रिवॉल्वर तान दी। यह घटना बिलग्राम कस्बे से दो किलोमीटर दूर सांडी रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शाहाबाद निवासी एहसान खान अपनी पत्नी और बेटी के साथ पेट्रोल पंप पर सीएनजी डलवाने पहुंचे थे। पंप कर्मचारी ने सुरक्षा नियमों के तहत उन्हें गाड़ी से उतरने को कहा, क्योंकि सीएनजी भरते समय यह अनिवार्य है। इस बात पर एहसान खान का परिवार भड़क गया और कर्मचारी के साथ उनकी तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एहसान खान की बेटी ने कार से रिवॉल्वर निकाली और कर्मचारी पर तानते हुए धमकी दी। इस घटना से पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची बिलग्राम थाना की पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। पेट्रोल पंप कर्मचारी ने एहसान खान, उनकी पत्नी और बेटी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी ने सुरक्षा नियमों के अनुसार सही निर्देश दिए थे, जिसे लेकर यह विवाद हुआ।

सीओ बिलग्राम रविप्रकाश ने बताया कि यह घटना 15 जून को हुई। वायरल वीडियो में युवती को पेट्रोल पंप कर्मचारी को रिवॉल्वर दिखाकर धमकाते हुए देखा गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लाइसेंसी रिवॉल्वर को जब्त कर लिया है। शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज किया गया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

Exit mobile version