Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

भारत जोड़ो यात्रा के लिए हरियाणा की कांग्रेस ने की तैयारियां शुरू, दिल्ली में हुई अहम बैठक

चंडीगढ़: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के लिए हरियाणा कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसको लेकर दिल्ली में आज पार्टी नेताओं की अहम बैठक बुलाई गई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, सभी कार्यकारी अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सभी विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में यात्रा के स्वागत और उसको सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि राहुल गांधी की यात्रा को लेकर हरियाणा में अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग यात्रा का बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे हैं। यात्रा को हरियाणा में ऐतिहासिक जन समर्थन मिलेगा। हरियाणा के रूट पर लाखों की तादाद में लोग इसका हिस्सा बनेंगे। भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष द्वारा 14 कमेटियों का गठन किया जाएगा। साथ ही सभी जिलों में संयोजक नियुक्त किए जाएंगे। कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित होंगी।

चौधरी उदयभान ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 21 तारीख को फिरोजपुर झिरका से हरियाणा में दाखिल होगी। इसके स्वागत के लिए पार्टी के सभी नेता वहां मौजूद रहेंगे। झिरका में दाखिल होने के बाद यह यात्रा नूंह होते हुए सोहना पहुंचेगी और उसके बाद आगे का सफर तय करेगी। चौधरी उदयभान ने यात्रा के रूट और टाइमिंग बारे पत्रकारों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके लिए 5 तारीख को चंडीगढ़ में पार्टी की एक और बैठक बुलाई गई है। इसमें कमेटियों का गठन करके सभी को जिम्मेदारियां सौंप दी जाएंगी।

Exit mobile version